लंदन मैनचेस्टर यूनाइटेड ने दो साल बाद फिर से चैंपियंस लीग के लिए क्वालिफाई कर लिया है। यूनाइटेड ने चेल्सी को 4-1 से हराकर इंग्लिश प्रीमियर लीग की शीर्ष चार टीमों में जगह पक्की कर ली। चैंपियंस लीग का टिकट हासिल करने के लिए ईपीएल की शीर्ष चार टीमों में शामिल होना जरूरी था। मैनेचेस्टर को सिर्फ ड्रॉ खेलने की जरूरत थी, लेकिन केशमीरो और ब्रूनो फर्नांडीज के शानदार प्रदर्शन की बदौलत यूनाइटेड ने अपने घरेलू मैदान ओल्ड ट्रैफर्ड पर शानदार जीत हासिल की।
कोच टेन हेग ने बताया सफल सत्र
डच कोच एरिक टेन हेग की कोचिंग में यूनाइटेड ने सत्र की शुरुआत में क्रिस्टियानो रोनाल्डो विवाद से उबरते हुए ईपीएल की शीर्ष चार टीमों में जगह पक्की कर ली है। मैनचेस्टर इस जीत के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया है, लेकिन उसे और चौथे स्थान पर मौजूद न्यूकैसल को अभी एक-एक मैच खेलना है। टेन हैग ने जीत के बाद कहा कि यह हमारे लिए सफल सत्र रहा है, लेकिन सत्र अभी खत्म नहीं हुआ है। यूनाइटेड को वेंबले में तीन जून को ईपीएल विजेता मैनचेस्टर सिटी के साथ एफए कप का फाइनल भी खेलना है।