Home » पहली बार देश के तीन पदक पक्के; दीपक भूरिया, निशांत देव और हुसामुद्दीन ने किया कमाल

पहली बार देश के तीन पदक पक्के; दीपक भूरिया, निशांत देव और हुसामुद्दीन ने किया कमाल

by Bhupendra Sahu

नई दिल्ली विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के इतिहास में पहली बार भारतीय मुक्केबाजों ने तीन पदक पक्के कर लिए हैं। हरियाणा के दीपक भूरिया (51), सेना के मोहम्मद हुसामुद्दीन (57) और हरियाणा के ही निशांत देव (71 भार वर्ग) ने इतिहास रचते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। इन तीनों मुक्केबाजों ने कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया है। इससे पहले 2019 में अमित पंघाल का रजत और मनीष कौशिक का कांस्य जीतना देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। तीनों ही मुक्केबाजों के पास फाइनल में पहुंचने का मौका है।

हुसामुद्दीन को कड़े संघर्ष में मिली जीत
दीपक ने पेरिस ओलंपिक में शामिल 51 भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में किर्गिस्तान के नूरझिगित दियूशेबायेव को आसानी से 5-0 से पराजित किया। दीपक का इस कदर दबदबा रहा कि अंतिम दौर में रेफरी को विरोधी मुक्केबाज के खिलाफ दो बार गिनती गिननी पड़ी। दीपक अंतिम चार में फ्रांस के बेनामा से खेलेंगे। राष्ट्रमंडल खेल में दो कांस्य जीतने वाले हुसामुद्दीन ने अंतिम 8 में बुल्गारिया के पांचवीं वरीय जे डियाज इबानेज को कड़े संघर्ष में 4-3 से पराजित किया। वह सेमीफाइनल में क्यूबा के सैंदल होर्ता से खेलेंगे। वहीं 22 वर्षीय राष्ट्रीय चैंपियन निशांत देव ने क्यूबा के जॉर्ज कुएलर को 5-0 से हराया। पिछली विश्व चैंपियनशिप में निशांत को क्वार्टर फाइनल में हार मिली थी। निशांत सेमीफाइनल में कजाखस्तान के एशियाई चैंपियन असलान शिमबर्गेनोव से खेलेंगे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More