Home » स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता से धोखा- अखिलेश यादव

स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता से धोखा- अखिलेश यादव

by Bhupendra Sahu

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज अलीगढ़ और मेरठ में समाजवादी पार्टी के महापौर प्रत्याशियों के समर्थन में रोड-शो किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश का विकास रोक दिया है। शिक्षा-स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था सब चैपट है। नगरों में रहने वाली जनता को सुविधाएं नहीं दे रही है। प्रदेश के नगर निकाय चुनाव में मुख्यमंत्री और भाजपा के नेता जनता की सुविधाओं, महंगाई, बेरोजगारी, बिजली, पानी, सड़क, सीवर, नाली और सफाई की बात नहीं करते हैं। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। खाने पीने से लेकर हर चीज के दाम बढ़ गये हैं। जनता परेशान है। भाजपा सरकार ने शहरों के इंफ्रास्टक्चर पर काम नहीं किया। स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता को धोखा दिया। बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और लूट की। सरकार बताये कि स्मार्ट सिटी बनाने के लिए शहरों में क्या काम किया?

भाजपा सरकार ने शहरों का सीवर सिस्टम बर्बाद है। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर कोई काम नहीं हुआ। भाजपा सरकार जनता से हाउस टैक्स लेती है लेकिन कोई सुविधा नहीं दे रही है। कूड़े का निस्तारण तक नहीं हो रहा है। शहरों में कूडा भरा पड़ा है। सड़कों पर सांड घूमते हैं। सांडो के चलते प्रदेश में हर दिन दुर्घटनाएं हो रही है जिसमें लोगों की मौतें हो रही है। इन सब समस्याओं के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में एक भी बिजली का कारखाना नहीं लगाया है। आज प्रदेश की जनता को जो बिजली मिल रही है वह सब समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान लगाये गये कारखानों से मिल रही है। भाजपा सरकार ने पावर प्लांट तो नहीं लगाया लेकिन बिजली महंगी कर दी। जनता को महंगी बिजली खरीदनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के बनाये संविधान को नहीं मान रही है। मनमानी पर उतारू है।

लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है। अन्याय और अत्याचार चरम पर है। लोगों के अधिकारों का हनन हो रहा है। भाजपा सरकार अपने झूठ को सच साबित करने के लिए 200 करोड़ रूपये में अमेरिका एक एजेंसी को ठेका दिया है। जनता भाजपा सरकार से नाराज है। इस बार लोग भाजपा की डबल और ट्रिपल इंजन की सरकार को उखाड़ फेकेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी दूसरों के परिवार पर बात करते हैं लेकिन वह खुद मठ में परिवारवाद की वजह से बैठे हैं। अगर उनके परिवार के लोग मठ में न होते तो वे वहां नहीं बैठ पाते। भाजपा वाले इतना भ्रष्टाचार कर रहे है जिसकी कोई कल्पना नहीं है। सरकार प्रदेश में सड़कों के निर्माण के लिए लाया गया बजट नहीं खर्च कर पाई है। मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टर और प्रोफेसर नहीं है। सरकार लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं दे पा रही है। मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश की जनता के लिए कोई काम नहीं किया। इसलिए हर बात पर तमंचा की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में समाजवादी पार्टी भारी जीत हासिल करने जा रही है। भाजपा हारेगी। इससे पहले आज अखिलेश यादव ने मेरठ में समाजवादी पार्टी की महापौर प्रत्याशी सीमा प्रधान और अलीगढ़ में महापौर प्रत्याशी हाजी जमीरउल्लाह खान के साथ नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत के प्रत्याशियों के समर्थन में रोड-शो कर उन्हें जिताने की अपील की। कार्यक्रम में मेरठ विधायक अतुल प्रधान भी थे।

रोड-शो में अखिलेश यादव के देखने और सुनने के लिए भारी भीड़ जुटी। सड़क के दोनों किनारों पर हजारों नौजवानों, महिलाओं, बुजुर्गों और व्यापारियों ने श्री अखिलेश यादव का जगह-जगह स्वागत किया। अखिलेश यादव ने सभी का अभिवादन किया। रोड-शो में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं के पैदल और वाहनों से समाजवादी पार्टी का झंडा लिए मुलायम सिंह यादव अमर रहे, अखिलेश यादव जिन्दाबाद के नारे लगाते हुए पार्टी का झंडा लहराते हुए जोश और उत्साह से लबरेज दिखे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More