बीदर। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीदर, में प्रमुख मतदाताओं एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ संवाद किया और उनसे कर्नाटक में सकारात्मक राजनीति तथा विकास की गति को और तेज करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कर्नाटक में डबल इंजन वाली भाजपा सरकार के गठन में सहयोग की अपील की। नड्डा ने कहा कि कर्नाटक विधान सभा चुनाव में एक ओर भारतीय जनता पार्टी है और दूसरी तरफ कांग्रेस है। कांग्रेस ने आजादी से लेकर अब तक समाज को केवल और केवल बांटने का काम किया है। कांग्रेस ने कभी लोगों को जाति के आधार पर, कभी धर्म के आधार पर, कभी इलाके के आधार पर तो कभी संप्रदाय के आधार पर बांटा। बांटते-बांटते कांग्रेस खुद भी बंट गयी और आज उनके पास कुछ रहा ही नहीं। 60 साल पहले तमिलनाडु में कांग्रेस के पांव उखड़े थे और आज तक कांग्रेस तमिलनाडु में वापस नहीं आ पाई।
केरल में कांग्रेस शासन करती थी। आज केरल में भी कांग्रेस कमजोर हो गई है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में कांग्रेस एक समय सरकार में थी, आज दोनों जगहों से गायब है जबकि तेलंगाना कांग्रेस ने बनाया था। कर्नाटक में कांग्रेस का अंदरूनी झगड़ा समाप्त नहीं हो पा रहा है। समाज को बांटते-बांटते कांग्रेस आज खुद ही बंट गयी। नड्डा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल मंत्र है – सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास। भाजपा आज तक इसी मूलमंत्र पर काम करती है। बीदर शहर के सैयाद कादरी साहब को पद्मश्री सम्मान मिला है। कादरी साहब ने स्वयं कहा कि उन्हें कांग्रेस की सरकार में सम्मान मिलेगा किंतु उन्हें सम्मान दिया प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने। आज सिफारिश से पद्मश्री सम्मान नहीं मिलता है। पद्मश्री सम्मान उन्हें भी मिलता है जो लोग नंगे पांव राष्ट्रपति भवन आते हैं और जो समाज में जमीन पर बदलाव के लिए काम करते हैं। हमारे लिए ‘सबका साथ, सबका विकासÓ महज एक नारा नहीं है बल्कि भारत की आत्मा है जबकि कांग्रेस पार्टी समाज की प्रगति को रिवर्स गियर में लगाती है।
नड्डा ने कहा कि मैंने दो दिन पहले ही हुबली में एक जनसभा को सम्बोधित किया तो कांग्रेस नेताओं ने दुष्प्रचार करना शुरू कर दिया कि भाजपा अध्यक्ष कर्नाटक की जनता को धमकी देते हैं कि यदि डबल इंजन की सरकार नहीं आएगी तो प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी अपनी स्कीम का पैसा कर्नाटक को देना बंद कर देंगे। यही कांग्रेस का हाल है। देखिये किस तरह झूठ बोल कर समाज को बांटने का पाप कांग्रेस ने शुरू कर दिया। डबल इंजन की सरकार रहेगी तो मोदी द्वारा भेजा गया पैसा धरातल पर उतरेगा और यदि डबल इंजन की सरकार नहीं रहेगी तो कर्नाटक में कांग्रेस के भ्रष्टाचार का एटीएम खुल जाएगा कर्नाटक के कल्याण एवं विकास की राशि दिल्ली में बैठे एक परिवार के पास पहुँच जायेगी। क्या मैंने गलत कहा था? दूसरी बात, 2008 में भाजपा सरकार ने कर्नाटक में यशस्वी हेल्थ स्कीम शुरू की थी लेकिन जैसे ही कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार आई तो इस स्कीम को बंद कर दिया गया।
अब 2022 में फिर से हमारी सरकार ने इस योजना को शुरू किया है। इसी तरह जेडीएस के सीएम काल में पीएम किसान सम्मान निधि पर भी रोक लगा दी गई थी। मतलब स्पष्ट है – कर्नाटक में जब कांग्रेस की सरकार आती है और कांग्रेस-जेडीएस की भाई भाई की सरकार आती है तो केन्द्र सरकार की स्कीम से कर्नाटक की जनता को लाभान्वित होने नहीं देती है। इसलिए बार-बार कहते हैं कि डबल इंजन की सरकार लाना जरूरी है। नड्डा ने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री ने शिवमोग्गा एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। इसका निर्माण कार्य 2008 में शुरू हुआ था। जब जेडीएस की सरकार बनी तो इसके निर्माण कार्य को रोक दिया था। कांग्रेस की सिद्धारमैया सरकार ने भी इस योजना को शुरू नहीं किया। फिर से जब कर्नाटक में भाजपा की येदियुरप्पा सरकार आई तो शिवमोग्गा एयरपोर्ट का निर्माण कार्य शुरू हुआ और तीन साल में ही बनकर यह तैयार हो गया। विकास मतलब भाजपा। हम यही बात कर्नाटक की जनता से बोलते हैं तो कांग्रेस नेता कहते हैं कि जेपी नड्डा ने कर्नाटक की जनता को धमकाया। मैं ये नहीं कह रहा कि यदि कांग्रेस की सरकार आई तो मोदी सरकार से आने वाला पैसा रुक जाएगा बल्कि मेरा ये कहना है कि कांग्रेस की सरकार गलती से भी आई तो मोदी सरकार से मिलने वाला पैसा कांग्रेस के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाएगा और मोदी सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ कर्नाटक की जनता को मिल नहीं पायेगा। तेलंगाना में केसीआर सरकार ने पीएम आवास योजना रोक दी। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है। वहां पीएम आवास योजना में घपला हुआ। राजस्थान में भी कांग्रेस की सरकार है। कांग्रेस सरकार ने राजस्थान की जनता को कुछ दिया नहीं, उलटे उनसे लेने का काम किया। कांग्रेस की गहलोत सरकार ने राजस्थान में भामा शाह योजना, अन्नपूर्णा दुग्ध योजना, भैरों सिंह शेखावत अंत्योदय योजना जैसी कई योजनाएं रोक दी। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनी, उन राज्यों में जनता को लाभान्वित करने वाली कई योजनाओं को रोक दिया गया। जनता को समझ लेना चाहिए कि कांग्रेस की सरकार बनी तो ये आपस में झगड़ेंगे और जनता को लाभकारी योजनाओं से वंचित रखेंगे। इसी तरह पश्चिम बंगाल में केंद्र सरकार की योजनाओं को रोका गया और भर्ष्टाचार किया गया। ममता बनर्जी सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना का पैसा का उपयोग ही नहीं किया। कर्नाटक की जनता ऐसी सरकार कतई नहीं चाहती जो कर्नाटक के विकास में रोड़ा बने।
0000