Home » जीत का खाता खोलने के लिये पूरा जोर लगायेगी दिल्ली

जीत का खाता खोलने के लिये पूरा जोर लगायेगी दिल्ली

by Bhupendra Sahu

बेंगलुरू । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सत्र में निराशाजनक प्रदर्शन कर अंकतालिका की दहलीज पर पहुंची दिल्ली कैपिटल्स जीत का खाता खोलने के लिये शनिवार को पूरे दमखम के साथ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) को उनके घर में मात देने मैदान पर उतरेगी। आस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज रिकी पोटिंग और डेविड वार्नर के लिये आईपीएल का सत्र अब तक चुनौतीपूर्ण रहा है। पोटिंग टीम के कोच की भूमिका में है जबकि वार्नर कप्तान के तौर पर अब तक टीम को एकजुट रखने में असफल साबित हुये हैं। वार्नर और उपकप्तान अक्षर पटेल को छोड़ कर टीम के अन्य बल्लेबाज फिलहाल अपेक्षित प्रदर्शन करने में नाकाम साबित हुये है,नतीजन टीम को अपने शुरूआती चार मैचों में हार का सामना करना पड़ा है।

पृथ्वी शॉ,यश धुल,मनीष पांडे का प्रदर्शन स्तरहीन रहने से टीम मुश्किलों में फंसती नजर आयी है वहीं धुआंधार बल्लेबाजी के लिये विख्यात वार्नर की धीमी बल्लेबाजी ने भी परेशानियों में इजाफा किया है। गेंदबाजी की बात करें तो एनरिक नोर्किया और मुस्तफिजुर रहमान ने पिछले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था जबकि अक्षर पटेल और कुलदीप यादव रन गति पर अंकुश लगा कर विकेट निकालने में खास नहीं कर सके है। चिन्नास्वामी स्टेडियम की सपाट पिच दिल्ली के गेंदबाजों की परीक्षा लेने को तैयार होगी।

दूसरी ओर विराट कोहली,ग्लेन मैक्सवेल और फाफ डुप्लेसी जैसे सितारों से सजी आरसीबी पिछले दो मैच हार चुकी है और अब वह और घर पर एक और हार झेलने के मूड में कतई नहीं होगी। मोहम्मद सिराज और हर्षल पटेल अब तक प्रभावशाली रहे हैं हालांकि उन्हे अपनी लय और रफ्तार को बरकरार रखते हुये दिल्ली को बांधे रखना होगा।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More