रायपुर। राजधानी रायपुर में बुधवार को एक युवक ने अपनी नाबालिग पत्नी की गला घोंट कर हत्या कर दी। हत्या की वजह कैरेक्टर पर शक है। दोनों ही एक दूसरे के कैरेक्टर पर शक करते थे और इसके कारण दोनों में अक्सर विवाद होता था। बुधवार की सुबह भी इनके बीच विवाद हुआ और युवक ने गुस्से में अपनी नाबालिग पत्नी की हत्या कर दी। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। खासबात यह है आरोपी युवक पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
यह पूरा मामला तिल्दा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक नेवरा के वार्ड नंबर 22 अटल आवास निवासी सागर निर्मलकर ने एक साल पहले ही 17 साल की लड़की से हाल ही में लव मैरीज की थी। शादी के बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है दोनों एक दूसरे के कैरेक्टर पर शक करते थे और इसी वजह से विवाद होता था। बुधवार की सुबह सागर निर्मलकर की पत्नी छत पर कुछ काम से गई। लगभग 9 से 10 बजे के बीच आरोपी सागर भी पहुंचा और विवाद करने लगा।

इसके बाद दोनों में विवाद इतना बढ़ गया कि सागर ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। जब आरोपी अपनी पत्नी का गला घोंट रहा था उस समय वह काफी चीख रही थी। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग छत पर पहुंचे लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा और आरोपी सागर निर्मलकर को गिरफ्तार कर लिए। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी पहले भी एक हत्या के मामले में जेल जा चुका है।