नई दिल्ली । कॉरपोरेट दुनिया में हाल के समय में कई ऐसे ट्रेंड देखे गए हैं, जिन्होंने खूब सुर्खियां बटोरी। इनमें ‘बड़ी संख्या में इस्तीफा’, ‘चुपचाप नौकरी छोड़ना’, ‘एक साथ कई कंपनियों में काम करना’ और ‘कंपनियों की नीति से नाराज होकर अन्य कंपनियों में अप्लाई’ करने जैसे ट्रेंड शामिल हैं। अब इसमें एक और नया ट्रे्ंड जुड़ गया है। जिसे ‘चुपचाप भर्ती’ ट्रेंड कहा जा रहा है। इसके तहत कंपनियां कंपनी में कार्यरत लोगों को ही खाली पदों पर प्रमोट कर रही हैं।
तकनीकी कंसल्टिंग और रिसर्च कंपनी Gartner ने इस ट्रेंड का खुलासा किया है। गार्टनर का कहना है कि 2022 में कंपनियों ने बिना नई भर्तियां किए नए टैलेंट को खोजने पर जोर दिया। इसके तहत कंपनियां नई भर्तियां करने की बजाय खाली जगहों पर कंपनी के ही स्टाफ को प्रमोट कर रही हैं। इसके लिए कंपनियां अपने कर्मचारियों को नए स्किल सिखा रही हैं। वहीं किसी खास काम को करने के लिए अस्थायी तौर पर कर्मचारियों की भर्ती कर रही हैं। इस ट्रेंड की मदद से कंपनियां को मंदी में अपने प्रोडक्शन को धीमा करने की जरूरत नहीं पड़ती और छंटनी भी नहीं करनी पड़ती।