मुंबई । भारतीय शेयर बाजार में लगातार छठे कारोबारी सत्र में गिरावट रही। शुक्रवार को सेंसेक्स 141.87 अंक टूटकर 59,463.93 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 45.45 अंक गिरकर 17,465.80 पर बंद हुआ। छह कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स में 1,856 अंक की गिरावट दर्ज की गई। 16 फरवरी, 2023 को यह 61,319 पर बंद हुआ था। इस दौरान निफ्टी 570 अंक टूट गया। इस अवधि में बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 8.30 लाख करोड़ रुपये घटकर 260 लाख करोड़ रुपये रह गया। अदाणी समूह को लेकर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट और विदेशी निवेशकों की लगातार निकासी से बाजार में गिरावट का दौर जारी है।

पूंजीकरण के लिहाज से 7वें नंबर पर घरेलू बाजार
गिरावट से भारतीय बाजार पूंजीकरण के लिहाज से अब दुनिया में सातवें स्थान पर पहुंच गया है। यूके ने सेंसेक्स को पीछे छोड़ छठां स्थान हासिल किया है। हालांकि, 31 जनवरी को सेंसेक्स पांचवें स्थान पर था, पर फ्रांस ने इसे छठे पर कर दिया। इस साल भारतीय बाजार की पूंजी 231 अरब डॉलर घटकर 3.14 लाख करोड़ डॉलर रह गई। दुनिया के शीर्ष-11 बाजारों में इस साल केवल भारतीय बाजार की ही पूंजी में गिरावट आई है। वैश्विक बाजार पूंजीकरण में भारतीय बाजार का योगदान अक्तूबर, 2022 में चार फीसदी था, जो अब घटकर तीन फीसदी पर आ गया है।