रायपुर। राजधानी रायपुर में कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन शुक्रवार को शुरू हो गया है। अधिवेशन के लिए देशभर के दिग्गज कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा लगा है। एक दिन पहले तक सोनिया गांधी व राहुल गांधी के इस अधिवेशन में शामिल होने पर संसय था लेकिन शुक्रवार को संसय दूर हो गया। दोपहर बाद 3 बजे सोनिया गांधी व राहुल गांधी पहुंच गए है। रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर चरणदास महंत, AICC के महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित अन्य नेताओं ने सोनिया गांधी व राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया गया।
सोनिया गांधी व राहुल गांधी के आने पर एयरपोर्ट के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई। सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एयरपोर्ट के बाहर जमा दिखे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इनके समर्थन में नारे लगाए। इस दौरान इनके स्वागत के लिए छत्तीसगढ़ के कई नृत्यदलों को भी बुलाया गया। एयरपोर्ट से सीधे राहुल व सोनिया गांधी को अधिवेशन स्थल पर ले जाया गया। बताया जा रहा है कि 25 फरवरी की दोपहर सोनिया गांधी महाधिवेशन को संबोधित करेंगी और राहुल गांधी 26 तारीख को पहले सत्र में महाधिवेशन को संबोधित करेंगे।

नहीं होगा CWC का चुनाव
इधर आज राष्ट्रीय अधिवेशन की शुरुआत स्टेयरिंग कमेटी की बैठक से शुरू हुई। इस बैठक में देशभर के दिग्गज कांग्रेसी नेता शामिल हुए। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान कांग्रेस की आगामी चुनावी रणनिति पर चर्चा की गई। वहीं CWC के चुनाव पर भी चर्चा हुई। स्टेयरिंग कमेटी की बैठक में तय हुआ है कि CWC का चुनाव नहीं होगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सदस्य चुनने का अधिकार सर्वसम्मति से दिया गया है। वहीं कांग्रेस पार्टी के संविधान में संशोधन पर विचार करने पर भी सहमति बनी।