जयपुर । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को जयपुर के पचकोडिया में किसान नेता स्व. जगदीश ककरालिया की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि स्व. ककरालिया ने गरीब कन्याओं की शिक्षा, सामूहिक विवाह जैसे सामाजिक सरोकार के कार्यों में विशेष योगदान देते हुए क्षेत्र के विकास हेतु उल्लेखनीय कार्य किए। एक सक्रिय एवं जागरूक जनप्रतिनिधि के रूप में उनके द्वारा किए गए समाजसेवा के कार्यों हेतु उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। उनकी प्रतिमा के अनावरण से युवा पीढ़ी समाजसेवा के लिए प्रेरित होगी।
राज्य सरकार का बजट पूरे देश में चर्चा का विषय
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पेश किया गया बजट 2023-24 आज पूरे देश में चर्चा का विषय है। सभी वर्गों से बजट पूर्व संवाद कर आमजन की इच्छाओं के अनुरूप तैयार किए गए बजट की हर तरफ प्रशंसा हो रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई से राहत देने के लिए 19 हजार करोड़ रुपए के राहत पैकेज की बजट में घोषणा की गई है। इसमें बीपीएल एवं उज्ज्वला योजना से जुड़े 76 लाख परिवारों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर, एनएफएसए परिवारों को प्रतिमाह मुख्यमंत्री नि:शुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट सहित कई प्रावधान किए गए हैं। घरेलू उपभोक्ताओं को 100 यूनिट तथा किसानों को 2000 यूनिट प्रतिमाह तक नि:शुल्क बिजली दी जाएगी। इससे 1 करोड़ घरेलू उपभोक्ता तथा 11 लाख से अधिक किसानों का बिजली बिल शून्य हो जाएगा।
राज्य सरकार पशुपालकों को दे रही प्रोत्साहन
गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार पशुपालकों को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि लंपी रोग से दुधारू पशु की मृत्यु पर पशुपालकों को प्रति गाय 40 हजार रुपए की सहायता राशि का प्रावधान किया गया है। गौशालाओं को 9 महीने तथा नंदीशालाओं को 12 महीने अनुदान देने वाला राजस्थान एकमात्र राज्य है। उन्होंने कहा कि नंदीशाला खोलने के लिए राज्य सरकार द्वारा 1.56 करोड़ रुपए की सहायता दी जा रही है। साथ ही, राज्य सरकार द्वारा पशुपालकों को आर्थिक संबल देने के लिए दूध पर प्रति लीटर 5 रुपए का अनुदान दिया जा रहा है।
चिरंजीवी योजना से आमजन को मिल रही राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का दायरा बढ़ाते हुए 25 लाख रूपए तक के कैशलेस इलाज के साथ 10 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराए जाने की घोषणा की गई है। चिरंजीवी योजना के अंतर्गत नि:शुल्क इलाज मिलने से आमजन को राहत मिल रही है। उन्होंने कहा कि चिरंजीवी योजना के तहत ओपीडी में 3.5 करोड़ लोगों का नि:शुल्क इलाज किया जा चुका है। वहीं, आईपीडी में भी 32 लाख लोगों को नि:शुल्क उपचार मिला है। अंग प्रत्यारोपण जैसा महंगा इलाज भी योजना के तहत आमजन को नि:शुल्क मिल रहा है
। केन्द्र सरकार कानून बनाकर लागू करे सामाजिक सुरक्षा
गहलोत ने कहा कि केन्द्र सरकार को कानून बनाकर पूरे देश में सामाजिक सुरक्षा लागू करनी चाहिए ताकि बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं तथा दिव्यांगजनों को पूरे देश में एक समान पेंशन मिल सके। इससे वे सम्मान के साथ जीवन निर्वहन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्मिकों के लिए मानवीय दृष्टिकोण से पुरानी पेंशन योजना लागू की गई है। केन्द्र सरकार को भी इस पर विचार करना चाहिए।
ईआरसीपी को मिले राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वी राजस्थान के 13 जिलों में सिंचाई तथा पेयजल आपूर्ति के लिए पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) एक महत्वपूर्ण परियोजना है। प्रधानमंत्री स्वयं अपनी जनसभाओं में ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने का समर्थन कर चुके हैं। केन्द्र सरकार को जल्द से जल्द ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक देरी होने से पचपदरा रिफाइनरी की तरह ईआरसीपी की लागत में अप्रत्याशित वृद्धि होने की संभावना है। इससे राज्य के संसाधनों पर आर्थिक बोझ पड़ेगा।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने कहा कि स्व. जगदीश ककरालिया एक दूरदर्शी सोच रखकर जनहित में कार्य करने वाले समाजसेवी थे। उन्होंने कहा कि स्व. ककरालिया ने पूरी निष्ठा के साथ जनसेवा तथा अपने क्षेत्र में विकास के लिए प्रयास किए। सार्वजनिक जीवन में समाजसेवा कार्य करने वाले सभी लोगों को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।
00