सूरत । गुजरात के सूरत में शुक्रवार देर रात भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। इंस्टीट्यूट ऑफ सीस्मोलॉजिकल रिसर्च (आईएसआर) के मुताबिक, रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.8 दर्ज की गई, जिस वजह से झटके काफी कमजोर थे। हालांकि, तुर्की में हाल ही में भूकंप से हुई तबाही को देखते हुए भारत में अब छोटे झटकों पर भी अलर्ट रहने की जरूरत बताई गई है।
आईएसआर के मुताबिक, सूरत में देर रात 12.52 पर रिकॉर्ड किए गए इन झटकों का केंद्र शहर से 27 किमी दूर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में समुद्र में था। इनसे किसी तरह का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। गौरतलब है कि गुजरात में इससे पहले कई खतरनाक भूकंप रिकॉर्ड हो चुके हैं। इनमें 1819, 1845, 1847, 1848, 1864, 1903, 1938, 1956 और 2001 में आए भूकंप को सबसे खतरनाक कहा जाता है।