नई दिल्ली । अर्जेंटीना को अपनी कप्तानी में विश्व चैंपियन बनाने वाले फुटबॉल खिलाड़ी लियोनल मेसी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। मेसी ने कहा है कि संन्यास के बाद वह बार्सिलोना में ही रहना चाहेंगे। बार्सिलोना के साथ अपने क्लब फुटबॉल करियर की शुरुआत करने वाले मेसी फिलहाल पेरिस सेंट जर्मन के लिए खेल रहे हैं। मौजूदा समय में दुनिया के सबसे बेहतरीन फुटबॉल खिलाड़ियों में से एक मेसी ने साफ किया है कि वह अपने फुटबॉल करियर का अंत होने के बाद बार्सिलोना में ही रहेंगे।
डारियो ओले के साथ इंटरव्यू में मेसी ने कहा, “जब मैं अपना करियर खत्म कर लूंगा, तो मैं बार्सिलोना में रहने के लिए वापस आ जाऊंगा, यह मेरा घर है।” मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना ने फ्रांस को हराकर फीफा विश्व कप 2022 अपने नाम किया। इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने के लिए मेसी को गोल्डन बॉल अवॉर्ड भी दिया गया। जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने फाइनल मैच से जुड़ी कौन सी चीजें अपने पास रखी हैं तो उन्होंने कहा कि सब कुछ उन्होंने अपने पास रख लिया है।
मेसी ने कहा “मैंने फाइनल से सब कुछ रख लिया है। जूते, टी-शर्ट …सब कुछ अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन के पास है और अब मार्च में, मैं सब कुछ बार्सिलोना ले जा रहा हूं, जहां मेरे पास मेरी चीजें और मेरी यादें हैं। “