Home » आलिया की पहली हॉलीवुड फिल्म हार्ट ऑफ स्टोन की रिलीज डेट जारी, नेटफ्लिक्स ने किया ऐलान

आलिया की पहली हॉलीवुड फिल्म हार्ट ऑफ स्टोन की रिलीज डेट जारी, नेटफ्लिक्स ने किया ऐलान

by Bhupendra Sahu

भले ही स्टार किड होने के चलते आलिया भट्ट को बॉलीवुड में ब्रेक आसानी से मिल गया हो, लेकिन आगे का रास्ता उन्होंने खुद तय किया है। अपनी पहली ही फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर से उन्होंने बॉलीवुड में अपने अभिनय का लोहा मनवा लिया था। अब आलिया हॉलीवुड में भी अपना दमखम दिखाने वाली हैं। उनकी पहली विदेशी फिल्म है हार्ट ऑफ स्टोन, जिसकी रिलीज डेट जारी हो गई है। आइए जानते हैं कब आएगी आलिया की यह फिल्म।

आलिया के साथ फिल्म में अभिनेत्री गैल गैडोट और अभिनेता जेमी डोर्नन हैं। इसका प्रीमियर नेटफ्लिक्स पर होगा। नेटफ्लिक्स ने इस साल अपनी आने वाली सभी बड़ी फिल्मों और सीरीज की रिलीज डेट बताते हुए एक वीडियो जारी किया है। हार्ट ऑफ स्टोन 11 अगस्त, 2023 को आ रही है। सामने आए फिल्म के फुटेज में गैल किसी खतरे से भागती दिख रही हैं, वहीं आलिया एक बार में नजर आ रही हैं। जेमी की झलक भी इसमें दिखी है।
जोया अख्तर की फिल्म द आर्चीज भी इसी साल नेटफ्लिक्स पर आने वाली है। इसके जरिए खुशी कपूर, सुहाना खान और अगस्त्य नंदा जैसे स्टार किड्स अभिनय जगत में शुरुआत कर रहे हैं। अनुष्का शर्मा की कमबैक फिल्म चकदा एक्सप्रेस भी इसी प्लेटफॉर्म पर आएगी।
पिछले साल मार्च में आलिया ने अपनी इस फिल्म की घोषणा की थी और गैल व जेमी के साथ काम करने को लेकर उत्साह भी जाहिर किया था। फिल्म में आलिया के किरदार का नाम कीया धवन है। उनका फर्स्ट लुक भी सामने आ चुका है, जो दर्शकों को बेहद पसंद आया। चर्चा है कि आलिया की भूमिका दिलचस्प होने वाली है। वह फिल्म में जबरदस्त एक्शन करती दिखेंगी। हार्ट ऑफ स्टोन टॉम हार्पर के निर्देशन में बन रही है।
गैल एक इजराइली अभिनेत्री, मॉडल और निर्माता हैं। वह फास्ट एंड फ्यूरियस से लेकर जस्टिस लीग जैसी कई सफल फिल्मों से जुड़ीं, लेकिन वंडर वुमन बनकर गैल दुनियाभर में मशहूर हुईं। दूसरी तरफ जेमी ने सुपरहिट फिल्म फिफ्टी शेड्स ऑफ ग्रे में काम किया है।
प्रियंका चोपड़ा बॉलीवुड के बाद हॉलीवुड में भी अपना जलवा बिखेर रही हैं। उन्होंने शो क्वांटिको से अपने हॉलीवुड करियर की शुरुआत की थी। दीपिका पादुकोण ने विन डीजल के साथ ट्रिपल एक्स: जेंडर के साथ हॉलीवुड में कदम रखा था। ऐश्वर्या ब्राइड एंड प्रेजुडिस, प्रोवोक्ड, द पिंक पैंथर 2 और द मिस्ट्रेस ऑफ स्पाइसेस में दिख चुकी हैं। शबाना आजमी ने मैडम सौसत्जका और सिटी ऑफ जॉय में काम किया। तब्बू नेमसेक और लाइफ ऑफ पाई में दिखी थीं।
आलिया जल्द ही करण जौहर के निर्देशन में बन रही फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में दिखेंगी। इसमें उनकी जोड़ी रणवीर सिंह के साथ बनी है। आलिया फिल्म में रानी तो रणवीर, रॉकी की भूमिका में नजर आएंगे। दोनों के बीच एक अनोखी प्रेम कहानी देखने को मिलेगी। फिल्म से बॉलीवुड के हीमैन धर्मेंद्र बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। इसमें जया बच्चन और शबाना आजमी भी हैं। यह फिल्म 28 अप्रैल को रिलीज होने वाली है।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More