कराची। रनों से भरपूर कराची की नेशनल स्टेडियम की पिच पर गेंदबाजों के लाख पसीना बहाने के बावजूद पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मैच हार जीत के फैसले के बिना समाप्त हो गया।
मैच के पांचवें और आखिरी दिन पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज इमामउल हक (96) की पारी दर्शकों के आकर्षण का केन्द्र रही हालांकि वह करियर के चौथे टेस्ट शतक से मात्र चार कदम दूर रह कर इश सोढी का शिकार बने। इसके अलावा सरफराज अहमद (53) और सउद शकील (55) ने पाकिस्तान को सुरक्षित स्कोर तक ले जाने में महती योगदान दिया।
पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में 438 रन बनाये थे जिसके जवाब मे न्यूजीलैंड ने नौ विकेट पर 611 रन बना कर पारी समाप्ति की घोषणा कर दी थी। बाद में पाकिस्तान ने अपनी दूसरी पारी आठ विकेट पर 311 रन बना कर घोषित की। खेल खत्म होने के समय तक न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में एक विकेट पर 61 रन बना लिये थे।
00