रायपुर। ओडिश की राजधानी भुवनेश्वर में अगले साल जनवरी में होने वाले हॉकी विश्वकप की ट्रॉफी शनिवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंची। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वर्ल्डकप ट्रॉफी का अनावरण किया। इस मौके पर हॉकी खिलाड़ियों को भी आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित किया गया था। अनावरण के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल काफी जोश में दिखे और खिलाड़ियों के साथ कहा चख दे इंडिया। इस मौके पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल भी मौजूद रहे।
बता दें ओडिशा में 13 से 29 जनवरी 2023 तक एफआईएच ओडिशा मेन्स वर्ल्ड कप का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता भुवनेश्वर और राउरकेला में संपन्न होगी। हॉकी वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को हॉकी इंडिया नई दिल्ली द्वारा देश के विभिन्न 16 राज्यों में भ्रमण कराया गया। अंतिम पड़ाव में यह छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंची और यहां से ओड़िशा की राजधानी भुवनेश्वर भेजा जाएगा।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उठाई ट्रॉफी
अनावरण के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्रॉफी को अपने हाथों से उठाया और चक दे इंडिया का नारा लगाया। साथ ही सीएम बघेल ने जीत के लिये हाकी इंडिया को शुभकामनाएं दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भारतीय हॉकी टीम को विश्व विजेता बनाने के लिए शुभकामना बैनर पर हस्ताक्षर भी किए। ट्रॉफी अनावरण के दौरान बड़ी संख्या में खिलाड़ी, हॉकी संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।