कानपुर । जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी से सोमवार शाम समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मिलने कानपुर पहुंचे। मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने इरफान को बेकसूर बताया और पुलिस पर फर्जी मुकदमे दर्ज करने का भी आरोप लगाया। इरफान की फरारी का बचाव करते हुए कहा यदि वह ना भागते तो पुलिस बलवंत सिंह और विकास दुबे जैसा हाल करती।
विकास और रोजगार के मुद्दे पर प्रदेश की योगी सरकार को घेराते हुए कहा कानपुर की लोको चलाने का वादा था उसका क्या हुआ। कितने लोगों को रोजगार मिला। फर्रुखाबाद में अग्निवीर भर्ती में आए सवा लाख लोगों में 200 को भी नौकरी नहीं मिली है।
अखिलेश के आगमन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अखिलेश के कानपुर पहुंचते ही भारी संख्या में सपाई उनके स्वागत को पहुंचे। अखिलेश के साथ पूर्व सांसद राजाराम पाल,विधायक अमिताभ बाजपेयी,मो.हसन रूमी,पूर्व विधायक सतीश निगम इरफान सोलंकी से मिलने जेल के अंदर गए। बाकी सपाइयों को बाहर रोक दिया गया। इस दौरान इरफान सोलंकी की मां समेत अन्य परिजन भी अखिलेश यादव से मिलने पहुंचे।
वीसी बनाने के लिए भाजपा नेता ने की थी सिफारिश
वीसी विनय पाठक की नियुक्ति को लेकर कहा कि वो मेरी सरकार में भी वीसी रहे हैं लेकिन मुझसे ये मत पूछना कि उन्हें वीसी बनाने के लिए मेरे पास किस भाजपा नेता ने सिफारिश की थी। मैं उसका नाम नहीं बताऊंगा। फर्जी आधार कार्ड में जेल भेजे गए सपा विधायक के मामले में पूर्व सीएम ने कहा कि,पुलिस कुछ भी कर सकती है। उन्होंने कहा कि,जमीन के मामले में पुलिस ने इरफान पर झूठे मुकदमे दर्ज किये है।
भाजपा नेताओं को हाउस अरेस्ट किया
जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी से मिलने पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विरोध में नवाबगंज थाना क्षेत्र में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष शिवांग मिश्रा के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने सभी भाजपा नेताओं को हाउस अरेस्ट कर दिया। अखिलेश यादव का काफिला रोकने की योजना थी।
00