Home » राजू ठेहट मर्डर केस में राजस्थान पुलिस की बड़ी कामयाबी, पांचों शूटर्स दबोचे

राजू ठेहट मर्डर केस में राजस्थान पुलिस की बड़ी कामयाबी, पांचों शूटर्स दबोचे

by Bhupendra Sahu

सीकर। गैंगस्टर राजू ठेहट मर्डर केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने राजू ठेहट हत्याकांड के पांचों शूटर्स को दबोच लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई महज 24 घंटे में पूरी कर ली। बता चला है कि ये शूटर्स बीते करीब एक महीने से राजू ठेहट की रेकी कर रहे थे। एडीजी क्राइम रवि मेहरड़ा सीकर में प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का पर्दाफाश करेंगे।

सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि कल सीकर में हुए हत्याकांड के 5 आरोपियों को मय हथियार एवं वाहन गिरफ्तार कर लिया गया है। इन सभी आरोपियों को त्वरित ट्रायल कर अदालत के द्वारा जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलवाना सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद राजस्थान पुलिस ने राहत की सांस ली है। आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी से पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ सवालों पर थोड़ा विराम लग पाएगा।
राजस्थान पुलिस महानिदेशक पुलिस उमेश मिश्रा ने बताया कि राजू ठेहट हत्याकांड के पांचों आरोपी पकड़े गए हैं। पकड़े गए आरोपियों में से मनीष जाट और विक्रम गुर्जर सीकर जिले के रहने वाले हैं। वहीं सतीश कुम्हार, जतिन मेघवाल और नवीन मेघवाल हरियाणा के भिवानी जिले के रहने वाले हैं। इन सभी के पास से हथियारों और कारतूस बरामद किए गए हैं।

एडीजी अपराध डॉ. रवि मेहरड़ा सीकर में विस्तार से पूरी वारदात का खुलासा करेंगे। डीजीपी मिश्रा ने जयपुर रेंज आईजी उमेश दत्ता और सीकर पुलिस अधीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप को समस्त टीम को कुशल नेतृत्व प्रदान कर अपराधियों को पकडऩे के लिए बधाई दी है। शूटर्स को पकडऩे वाली टीम को सम्मानित किया जाएगा।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More