कांकेर। भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए शनिवार को चुनावी शोर थम गया है। आखिरी दिन दोनों दलों के दिग्गज नेताओं ने पूरा जोर लगाकर प्रचार किया। कांग्रेस की ओर से प्रदेश मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रचार करने पहुंचे। उन्होंने कोरर में जन सभा को संबोधित किया। वहीं मंत्री कवासी लखमा भानुप्रतापुपर रोड शो किया। इधर भाजपा से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह व प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने भी प्रचार किया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सावित्री मंडावी को जीतने से कोई रोक नहीं सकता। भाजपा जितना भी जोर लगा ले कांग्रेस प्रत्याशी की जीत तय है। वहीं पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने कहा कि सावित्री मंडावी की जीत तय है। भाजपा प्रत्याशी के कुकर्मों से जनता आहत है और मतदान के रूप में जनता अपना फैसला सुनाएगी। मरकाम ने यह भी कहा कि ब्रम्हानंद नेताम को लेकर कहा- भाजपा प्रत्याशी बलात्कारी ब्रम्हानंद के लिये क्षेत्र में गहरा आक्रोश है, कांग्रेस सरकार के काम सावित्री मंडावी की जीत का आधार बनेगी।

पूर्व सीएम ने किया रोड शो
इधर भाजपा प्रत्याशी की जीत के लिए पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह ने रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि भानुप्रतापपुर की जनता ने फैसला कर लिया है। भाजपा प्रत्याशी की यहां बड़ी जीत होगी। छत्तीसगढ़ लगातार झूठ का सहारा ले रही है और इस उपचुनाव में जनता उनके झूठ का जवाब देगी। बता दें भानुप्रतापपुर में पांच दिसम्बर को मतदान होना है और इसके नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे।