मेलबर्न। विश्व के पूर्व नंबर एक टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को 2023 ऑस्ट्रेलियाई ओपन ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में खेलने के लिये ऑस्ट्रेलिया का वीज़ा मिल सकता है। आवर्जन मंत्री एंड्र्यू गाइल्स ने कोरोना वैक्सीन न लेने के लिये जोकोविच पर जनवरी 2022 में लगाया गया तीन साल का प्रतिबंध हटा दिया है। रिपोर्ट में दावा किया गया कि गाइल्स आगामी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के लिये जोकोविच को वीज़ा प्रदान करेंगे।
जोकोविच ने ट्यूरिन में एटीपी फाइनल 2022 का अपना पहला मैच जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया जाने को लेकर कहा, फिलहाल कोई आधिकारिक सूचना नहीं है। हम इंतजार कर रहे हैं। वह (आयोजक) ऑस्ट्रेलियाई सरकार से बात कर रहे हैं, मैं फिलहाल आपको बस यही बता सकता हूं।
उल्लेखनीय है कि ऑस्ट्रेलियाई ओपन के निदेशक क्रेग टाइली ने इससे पहले कहा था कि यदि जोकोविच को वीज़ा मिलता है तो वह जनवरी में यहां आ सकते हैं, लेकिन टेनिस ऑस्ट्रेलिया उनकी ओर से पैरवी नहीं कर सकेगा। यदि 21 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन जोकोविच ऑस्ट्रेलिया पहुंचते हैं तो वह टूर्नामेंट जीतकर राफेल नडाल के 22 ग्रैंड स्लैम खिताबों की बराबरी करने का प्रयास करेंगे।