Home » बैडऐस रविकुमार में दिखेंगे हिमेश रेशमिया, नई फिल्म का हुआ ऐलान

बैडऐस रविकुमार में दिखेंगे हिमेश रेशमिया, नई फिल्म का हुआ ऐलान

by Bhupendra Sahu

मशहूर गायक-संगीतकार हिमेश रेशमिया ने 2007 में आपका सुरूर से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने करीब 10 फिल्मों में काम किया। वह पिछली बार फिल्म हैप्पी हार्डी ऐंड हीर में नजर आए थे। यह फिल्म 2020 में आई थी। अब हिमेश ने अपनी नई फिल्म का ऐलान किया है। यह फिल्म कोई और नहीं, बल्कि उनकी फिल्म द एक्सपोज का स्पिन ऑफ है। गुरुवार को हिमेश ने टीजर के साथ नई फिल्म बैडऐस रविकुमार की घोषणा की।

2014 की फिल्म द एक्सपोज में हिमेश का किरदार रविकुमार चर्चित था। अब इस किरदार पर हिमेश अलग फिल्म लेकर आए हैं। इस फिल्म में रविकुमार अकेले 10 विलेन से भिड़ता नजर आएगा। इंस्टाग्राम पर टीजर शेयर करते हुए हिमेश ने लिखा कि प्रशंसकों का प्यार उन्हें हमेशा अभिभूत करता है और प्रशंसक इस किरदार पर नई फिल्म का इंतजार कर रहे थे। बकौल हिमेश, इस ऐक्शन एंटरटेनर फिल्म में आपको रविकुमार के पागलपन की सीमा देखने को मिलेगी।
हिमेश ने अभी फिल्म की महिला कलाकार का नाम उजागर नहीं किया है। न ही अभी विलेन का किरदार निभाने वाले दस कलाकारों के नाम बताए हैं। शुक्रवार को फिल्म का पहला गाना रिलीज किया जाएगा। प्रशंसकों को गाने में फिल्म की अभिनेत्री का खुलासा होने की उम्मीद है। तरण आदर्श ने ट्विटर पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा कि हिमेश वापस आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर बैडऐस रविकुमार के लिए हिमेश को शुभकामनाएं मिल रही हैं।
द एक्सपोज की बात करें तो यह एक थ्रिलर रोमांस ड्रामा फिल्म थी। फिल्म में हिमेश के साथ सोनाली राउत और जोया अफरोज नजर आई थीं। फिल्म में इरफान खान ने कैमियो किया था। फिल्म की स्क्रिप्ट खुद हिमेश ने लिखी थी। वहीं, इसका निर्देशन अनंत महादेवन ने किया था। इस फिल्म में गायक रैपर हनी सिंह ने भी अभिनय में अपना हाथ आजमाने की कोशिश की थी। फिल्म का निर्माण एचआर म्यूजिक बैनर तले हुआ था।
हिमेश टीवी का भी चर्चित चेहरा हैं। वह कई लोकप्रिय म्यूजिक रिएलिटी शो जज कर चुके हैं। हिमेश ने अपने करियर की शुरुआत 1998 में की थी। 2003 में सलमान खान की तेरे नाम से उन्हें लोकप्रियता मिली। आशिक बनाया, झलक दिखला जा, नाम है तेरा, तेरा सुरूर जैसे गानों से हिमेश ने 2000 के दशक पर राज किया। आपका सुरूर, कर्ज, जैसी फिल्मों में हिमेश ने अभिनय भी किया। अब प्रशंसकों को उनकी इस नई फिल्म का इंतजार है।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More