मेलबर्न । कप्तान एंडी बालबर्नी के अर्धशतक और जोश लिटिल की शानदार गेंदबाजी के अलावा बारिश की कृपा से आयरलैंड ने टी20 विश्वकप के सुपर 12 के मैच में बुधवार को यहां इंग्लैंड को डकवर्थ लुईस पद्धति के आधार पर पांच रन से पराजित कर एक और बड़ा उलटफेर किया। दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज को बाहर का रास्ता दिखा कर सुपर 12 में जगह बनाने वाली आयरलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने पर 19.2 ओवर में 157 रन पर आउट हो गई। इसके जवाब में इंग्लैंड ने जब 14.3 ओवर में पांच विकेट पर 105 रन बनाए थे तो बारिश आ गई जिसके कारण आगे खेल नहीं हो पाया।
इंग्लैंड को खराब शुरुआत का खामियाजा भुगतना पड़ा। लिटिल (तीन ओवर में 16 रन देकर दो विकेट) ने अपने पहले दो ओवरों में ही कप्तान जोश बटलर (शून्य) और एलेक्स हेल्स (सात) को पवेलियन भेज दिया था जिसने आखिर में अंतर पैदा किया। बेन स्टोक्स (छह) पावर प्ले में आउट होने वाले तीसरे बल्लेबाज थे। उन्हें फियोन हैंड ने बोल्ड किया। डाविड मलान ने 37 गेंदों पर 35 रन बनाए लेकिन बैरी मैकार्थी ने उन्हें आउट करके इंग्लैंड को बड़ा झटका दिया। जब मोईन अली (12 गेंदों पर 24) इंग्लैंड की उम्मीद जगा रहे थे तभी बारिश आ गई।
डकवर्थ लुईस पद्धति के अनुसार इंग्लैंड तब पांच रन पीछे था। आयरलैंड की तरफ से बालबर्नी ने 47 गेंदों में 62 रन की पारी खेली जो उनका टी20 विश्व कप में पहला और कुल आठवां अर्धशतक है। उन्होंने लोरकान टकर (27 गेंदों पर 34 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की। आयरलैंड की यह विश्व कप में इंग्लैंड पर दूसरी जीत है। इससे पहले उसने 11 साल पहले वनडे विश्व कप में इंग्लैंड को हराया था। कुल मिलाकर आयरलैंड की इंग्लैंड पर यह तीसरी जीत है। उसने दो बार वनडे में अपने इस प्रतिद्वंदी को हराया है। आयरलैंड की इस जीत से ऑस्ट्रेलिया का रास्ता खुल गया है क्योंकि ग्रुप में छह में से पांच टीमों के अब दो-दो अंक हैं।
०००