नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को कहा कि केंद्र के ‘रोजगार मेले’ ने इंजीनियरिंग स्नातकों और प्लस टू तक शिक्षित लोगों के लिए भी रोजगार का अवसर सुनिश्चित किया है। आईसीएफ चेन्नई में आयोजित रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों में नए भर्ती हुए लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने युवाओं को रोजगार के अवसर सुनिश्चित किए हैं।
नवनियुक्तों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि कई युवाओं को उनके अपने गृह राज्य में नियुक्ति मिली है। सीतारमण ने कहा “यहाँ एक इंजीनियर है जो आयकर विभाग में निरीक्षक के रूप में आया है, एक बैंक में एक परिवीक्षाधीन अधिकारी के रूप में और दूसरा जीएसटी निरीक्षक के रूप में। कई युवाओं को उनके निवास स्थान या उनके मूल राज्य में नौकरी मिली।”
वित्त मंत्री ने जिन 250 से अधिक लोगों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए उनमें झारखंड और उत्तर प्रदेश के भी एक-एक उम्मीदवार थे। केंद्रीय वित्त मंत्री ने इस अवसर पर सांकेतिक रूप से 25 से अधिक नियुक्त लोगों को पत्र सौंपा। इनमें ग्रुप ए, ग्रुप बी (राजपत्रित), ग्रुप बी (अराजपत्रित) और ग्रुप सी श्रेणी श्रेणी के कर्मचारी शामिल थे। इस दौरान भारतीय तटरक्षक, बैंकों व अन्य सरकारी विभागों में चयनितों और आयकर विभाग के दो इंस्पेक्टर, एक-एक कर सहायक सहित तीन उम्मीदवारों को भी नियुक्ति पत्र प्राप्त हुआ।