Home » लाल मैदान में दुर्गोत्सव : देवी मां की आराधना के साथ देंगे नशा मुक्ति का संदेश… कोविड वैक्सीनेशन भी होगी

लाल मैदान में दुर्गोत्सव : देवी मां की आराधना के साथ देंगे नशा मुक्ति का संदेश… कोविड वैक्सीनेशन भी होगी

by Bhupendra Sahu

भिलाई। पांच दशकों से नवरात्रि उत्सव मना रहे नेताजी सुभाष नवयुवक जागृति दुर्गोत्सव समिति लाल मैदान पावर हाउस भिलाई में इस बार भी कुछ नया होगा। इस बार समिति द्वारा देवी आराधना के साथ ही नशामुक्ति का संदेश भी दिया जाएगा। इसके लिए पंडाल में विभिन्न झांकियां सजाई जा रही हैं जो लोगों को नशे के नुकसान बताएंगे और नशा मुक्ति के लिए जागरुक करेंगे। इसके अलावा इस बार कोविड वैक्सीनेशन कैंप भी लगाया जाएगा।

आयोजन के संबंध में बुधवार को आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता लेकर जानकारी दी। इस दौरान समिति के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता और महामंत्री विजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 सितंबर को सुबह 9 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलशयात्रा के बाद सुबह 11 बजे माता की स्थापना की जाएगी। इसके बाद 9 दिनों तक देवी मां की आराधना की जाएगी। इस दौरान विविध आयोजनों के माध्यम से लोगों का मनोरंजन भी किया जाएगा।

नशामुक्ति का संदेश
उत्सव में दर्शनार्थियों और भक्तजनों को न सिर्फ नशे से दूर रहने का संदेश देंगे बल्कि नशा मुक्ति थीम पर तैयार झाकियां आयोजन को और भी आकर्षक बना देंगी। इन झांकियों को देखने के बाद लोगों को नशा त्यागने का भाव जागृत होगा। दुर्गा उत्सव के दौरान 26 सितंबर से 8 अक्टूबर तक कोविड-19 से बचने के लिए वैक्सीनेशन कैंप भी लगाया जाएगा। यही नहीं अस्थि और किडनी रोग जांच शिविर भी लगाया जा रहा है जहां नि:शुल्क जांच की सुविधा होगी।

यह होगा खास
उत्सव के दौरान प्रदेश भर से पधारने वाले दर्शनार्थियों को लाल मैदान में अखंड मनोकामना जोत देखने को भी मिलेगी। यहां पर 14 फीट की दिव्य मां भवानी प्रतिमा के दर्शन पूजन के आलावा एन्टी ड्रग झांकी, मिनी मेला, स्वास्थ्य शिविर, चौपाटी, भोग भंडारा, विशेष हवन, कन्या भोज और विशाल कवि सम्मेलन और विशेष 51 हस्तियों के सम्मान समारोह का लाभ इस वर्ष मिलेगा।

पांच दशक से अनूठे आयोजन ने दिलाई पहचान
नेताजी सुभाष नवयुवक जागृति दुर्गोत्सव समिति वर्ष 1971 से दुर्गोत्सव के दौरान अपने विशेष और अनूठे आयोजन के लिए समूचे इस्पात नगरी में अपनी विशेष पहचान रखती है। विश्व भर मे बढते नशा की समस्याओं पर मनमोहक झांकी के साथ ही इस वर्ष समिति नशा मुक्ति पर विशेष ध्यान देते हुए समाज को नशे से मुक्त करने का संकल्प लेकर 51वें वर्ष दुर्गोत्सव का विशाल आयोजन करने जा रही है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More