होव । भारतीय महिला क्रिकेट टीम इंग्लैंड दौरे पर तीन वनडे मैचों की सीरीज की शुरुआत जीत के साथ ही है। उसने होव में खेले गए पहले मुकाबले मेजबान इंग्लैंड को सात विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। इससे पहले टी20 सीरीज में उसे 1-2 से हार मिली थी। भारत की जीत में बाएं हाथ की ओपनर स्मृति मंधाना, कप्तान हरमनप्रीत कौर, यास्तिका भाटिया और अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने अहम योगदान दिया।
इंग्लैंड ने 50 ओवर में सात विकेट पर 227 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 44.2 ओवर में तीन विकेट पर 232 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने अपनी अंतिम अंतरराष्ट्रीय सीरीज के पहले मैच में प्रभावित किया। उन्होंने 10 ओवर सिर्फ 20 रन दिए और एक विकेट भी हासिल किया। झूलन के 10 ओवर में इंग्लैंड की टीम एक भी बाउंड्री नहीं लगा पाई।
स्मृति मंधाना शतक से चूक गईं। उन्होंने 99 गेंद पर 91 रन बनाए। इस दौरान मंधाना के बल्ले से 10 चौके निकले। उन्होंने एक छक्का भी लगाया। कप्तान हरमनप्रीत 94 गेंद पर 74 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने सात चौका और एक छक्का लगाया। यास्तिका भाटिया ने 47 गेंद पर 50 रन की पारी खेली। शेफाली वर्मा एक रन बनाकर आउट हुईं। हरलीन देओल छह रन बनाकर नाबाद रहीं।