लंदन । वेस्टइंडीज के विस्फोटक ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड 600 टी20 मैच खेलने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने द हंड्रेड लीग में लंदन स्प्रिट के लिए खेलते हुए यह खास उपलब्धि हासिल की। मैनचेस्टर ओरिजनल्स के खिलाफ इस मैच में पोलार्ड ने अपनी खास उपलब्धि का जश्न खास अंदाज में मनाया और 11 गेंद में 34 रन की तूफानी पारी खेली। लॉर्ड्स के एतिहासिक मैदान में अपना 600वां मैच खेल रहे पोलार्ड ने चार छक्के और एक चौका लगाया। इनमें से दो छक्के आखिरी ओवर में आए थे।
नीदरलैंड के तेज गेंदबाज फ्रेड क्लासेन के आखिरी ओवर में पोलार्ड ने दो छक्कों की मदद से 12 रन बनाए और इस ओवर में कुल 15 रन बने। जब पोलार्ड बल्लेबाजी के लिए आए थे तो पारी में 30 गेंदें बची थी। इनमें से 11 गेंदें खेली और 34 रन बनाए। ओपनर जैक क्राउली (41 रन) और कप्तान मॉर्गन (37 रन) के बाद वो अपनी टीम के लिए तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।