कोलकाता । 100 करोड़ से ज्यादा के बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाले में गिरफ्तार राज्य के उद्योग मंत्री पार्थ चटर्जी पर टीएमसी ने एक्शन लिया है। इस मामले में हुई पार्टी की थू-थू के बाद तृणमूल कांग्रेस डैमेज कंट्रोल की तैयारी में जुट गई है। इसके क्रम में जल्द ही पार्टी में बड़े संगठनात्मक बदलाव और राज्य मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना है। सूत्रों ने कहा कि संगठनात्मक और मंत्रिमंडल में फेरबदल का उद्देश्य पार्टी की छवि बदलना है।
मामले में पार्टी की थू-थू होने के बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने संकेत दिया था कि जल्द ही कैबिनेट में फेरबदल होगा। बनर्जी ने कहा, “पार्थ दा को उनके मंत्री पद से मुक्त कर दिया गया है। फिलहाल, मैं उनके मंत्रालयों को तब तक अपने पास रखूंगी जब तक कि कैबिनेट में फेरबदल नहीं हो जाता।”
वहीं, दूसरी ओर टीएमसी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि काफी समय से कैबिनेट में बदलाव की योजना बनाई जा रही थी, लेकिन चटर्जी की गिरफ्तारी ने प्रक्रिया को तेज कर दिया है। तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि अब समय ही बताएगा कि थोक में फेरबदल होगा या कुछ प्रमुख मंत्रालयों में बदलाव किया जाएगा। टीएमसी नेता ने यह भी बताया कि पार्टी संगठन में भी बड़े बदलाव किए जाएंगे ‘एक व्यक्ति, एक पद’ की नीति का सख्ती से पालन किया जाएगा। महासचिव जैसे कुछ पद, जो पार्थ चटर्जी के पास थे, को समाप्त किया जा सकता है। इन परिवर्तनों को अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए लागू किया जाएगा।