Home » सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ पूरी, 25 जुलाई को फिर से बुलाया; प्रियंका गांधी संग निकलीं बाहर

सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ पूरी, 25 जुलाई को फिर से बुलाया; प्रियंका गांधी संग निकलीं बाहर

by Bhupendra Sahu

नई दिल्ली । सोनिया गांधी से 21 जुलाई को दो घंटे से कम की पूछताछ के बाद इंटेरोगेशन का पहला दिन पूरा हो गया है। स्वास्थ्य कारणों के चलते उनसे आज दोबारा पूछताछ नहीं की जाएगी। बताया जा रहा है कि 25 जुलाई को उनसे दोबारा पूछताछ हो सकती है। फिलहाल ईडी ने कोई नया समन जारी नहीं किया है। उधर, पूछताछ के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने सड़क पर उग्र प्रदर्शन किया। मल्लिकार्जुन खडग़े, शशि थरूर सहित कांग्रेस के 75 सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी नेशनल हेराल्ड केस में पूछताछ के लिए सुबह के वक्त ईडी के दफ्तर पहुंची थी। उनके साथ उनकी बेटी और कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी भी पहुंची थी। सोनिया गांधी अपने साथ दवाएं लेकर गई थीं। पूछताछ के दौरान प्रियंका और सोनिया गांधी एक ही कमरे में मौजूद थीं।

मोनिका शर्मा के पास पूछताछ की कमान
सूत्रों का कहना है कि सोनिया गांधी से पूछताछ की कमान महिला अफसर मोनिका शर्मा को सौंपी गई है। वह ईडी में अडिशनल डायरेक्टर के पद पर हैं। 75 वर्षीय सोनिया गांधी के स्वास्थ्य को देखते हुए दफ्तर में एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई थी। सोनिया गांधी के स्वास्थ्य कारणों के चलते प्रियंका गांधी को भी दफ्तर में रहने की इजाजत दी गई थी।
सोनिया गांधी की रिक्वेस्ट पर मानी ईडी
ईडी सूत्रों का कहना है कि करीब दो घंटे की पूछताछ के बाद ईडी के अधिकारियों ने सोनिया गांधी से कहा कि क्या वे थोड़ा ब्रेक लेना चाहती हैं। जवाब में सोनिया गांधी ने कहा कि हां वो लंच करना चाहती हैं। फिर सोनिया गांधी की तरफ से कहा गया कि क्या आज की पूछताछ जल्दी पूरी की जा सकती है। इस पर ईडी के अधिकारी मान गए। हालांकि ईडी के अधिकारियों ने सोनिया गांधी से कहा कि उन्हें 25 जुलाई को फिर से बुलाया जा सकता है। इसके बाद सोनिया गांधी प्रियंका के साथ ईडी दफ्तर से अपने घर के लिए रवाना हो गई।
ट्रेनें रोकी, सड़क पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन
नेशनल हेराल्ड केस में ईडी द्वारा सोनिया गांधी से पूछताछ के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने सड़क पर उग्र प्रदर्शन किया। मल्लिकार्जुन खडग़े, शशि थरूर सहित कांग्रेस के 75 सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया। कांग्रेस के 6 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स हैं कि दिल्ली में कार्यकर्ताओं ने शिवाजी ब्रिज में तीन ट्रेनें रोकी।
एक ही परिवार को निशाना बनाना गलत
कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि एक ही परिवार के दो सदस्यों को बार-बार तलब करना गलत है, वह भी एक ही मामले में। जहां तक लोगों की गिरफ्तारी का सवाल है, ऐसा नहीं है कि उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति को बाधित किया है। इसके अलावा, हमें आंदोलन करने का अधिकार है।
गांधी परिवार बेदाग तो चिंता क्यों: भाजपा
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी जांच पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, अगर गांधी परिवार बेदाग है, तो चिंतित क्यों है? अगर उन्होंने भ्रष्टाचार नहीं किया है तो यह हंगामा क्यों। भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों की जांच करना जांच एजेंसियों का कर्तव्य है।
00

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More