नई दिल्ली । ट्विटर से डील कैंसिल करने को लेकर इस समय चर्चा बटोर रहे दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क ने एक और बड़ा फैसला किया है। उनकी इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी टेस्ला ने बिटकॉइन की अपनी होल्डिंग को कम कर दिया है। टेस्ला की तरफ से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि कंपनी ने अपनी कुल बिटकॉइन होल्डिंग का 75प्रतिशत हिस्सा बेच दिया है।
शेयर होल्डर्स से क्या बोली टेस्ला?
एलन मस्क की कंपनी टेस्ला ने शेयर होल्डर्स को दी जानकारी में बताया, हमने लगभग 75प्रतिशत बिटकॉइन होल्डिंग को फ्लैट करेंसी में बदला है। कंपनी की तरफ से दी जानकारी के अनुसार 936 मिलियन डॉलर को कैश में कन्वर्ट किया गया है। बता दें, इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी ने 2021 में दी जानकारी में बताया था कि उसने 1.5 अरब डॉलर का निवेश बिट कॉन में किया है। जिसमें से इसी साल अप्रैल में कंपनी 10प्रतिशत अपनी हिस्सेदारी को बेच दिया था।