Home » कोविड-19 : देश में 18 साल से उपर तक के लोगों को सरकारी केंद्रों पर मुफ्त बूस्टर डोज़ लगना शुरु

कोविड-19 : देश में 18 साल से उपर तक के लोगों को सरकारी केंद्रों पर मुफ्त बूस्टर डोज़ लगना शुरु

by Bhupendra Sahu

नयी दिल्ली। देश में 18 साल और उससे अधिक आयु के लोग सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर कोविड-19 रोधी टीके की एहतियाती खुराक शुक्रवार से मुफ्त लगवा सकेंगे। इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 75 दिन का एक विशेष अभियान शुरू किया है। कोविड-19 रोधी टीकों की एहतियाती खुराकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाने के लिए ‘आजादी का अमृत महोत्सव के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को निर्माण भवन में टीकाकरण शिविर में ‘कोविड टीकाकरण अमृत महोत्सव की शुरुआत की।

शिविर के बाहर कई अधिकारी तथा कर्मचारी एहतियाती खुराक लेने के लिए कतारों में खड़े नजर आए। एक आधिकारिक सूत्र ने बताया कि अभी तक 18 से 59 साल की 77.10 करोड़ पात्र आबादी में से एक प्रतिशत से भी कम को एहतियाती खुराक दी गयी हैं। हालांकि, 60 साल से अधिक उम्र के 16.80 करोड़ लोगों और स्वास्थ्य कर्मियों एवं अग्रिम मोर्चे के कर्मियों में से 25.84 प्रतिशत लोग एहतियाती खुराक ले चुके हैं। एक अधिकारी ने पहले कहा था, ”भारत की अधितर आबादी ने नौ महीने पहले अपनी दूसरी खुराक लगवा ली थी। आईसीएमआर (भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद) और अन्य अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान संस्थानों में किए गए अध्ययनों के अनुसार, टीके की दो शुरुआती खुराक लेने के बाद लगभग छह महीने में ‘एंटीबॉडी का स्तर कम होने लगता है और एहतियाती खुराक लेने से प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More