Home » वाणिज्यिक निर्यात जून में 23 प्रतिशत बढ़ा, व्यापार घाटा उछलकर 26.18 अरब डॉलर हुआ

वाणिज्यिक निर्यात जून में 23 प्रतिशत बढ़ा, व्यापार घाटा उछलकर 26.18 अरब डॉलर हुआ

by Bhupendra Sahu

नयी दिल्ली । पेट्रोलियम उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक सामान, टेक्सटाइल, रत्न-आभूषण जैसे क्षेत्रों के अच्छे प्रदर्शन के साथ भारत से वाणिज्यिक वस्तुओं का निर्यात जून 2022 में 23.52 प्रतिशत बढ़कर 40.13 अरब डॉलर रहा। जून 2021 में यह 32.49 अरब डॉलर था। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों में बताया कि जून में वाणिज्यिक वस्तुओं का आयात 66.31 अरब डॉलर रहा जो पिछले वर्ष के इसी माह के 42.09 अरब डॉलर से 57.55 प्रतिशत अधिक है।

जून 2022 में तेज वृद्धि के कारण व्यापार घाटा बढ़कर 26.18 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया जो जून 2021 में 9.60 अरब डॉलर था।
जून माह में गैर-पेट्रोलियम तथा गैर-रत्न आभूषणों (सोना, चांदी और कीमती धातु) का निर्यात 8.65 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 27.94 अरब डॉलर रहा जो पिछले वर्ष जून में 25.71 अरब डॉलर था।
सरकारी आंकड़ों में बताया गया है कि जून में पेट्रोलियम और रत्न एवं आभूषणों को छोड़कर अन्य वस्तुओं का आयात 38.53 अरब डॉलर रहा जो एक वर्ष पहले की तुलना में 38.30 प्रतिशत अधिक है। जून 2021 में इन वस्तुओं का आयात 27.86 अरब डॉलर था।
देश का जून माह में वस्तु एवं सेवाओं सहित कुल निर्यात 64.91 अरब डॉलर रहा जो इससे पिछले वर्ष की समान अवधि से 22.95 प्रतिशत अधिक है। जून 2022 का कुल आयात जून 2021 के मुकाबले 55.72 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82.42 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
इन आंकड़ों के अनुसार जून 2022 में पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात 119 प्रतिशत बढ़कर 8.65 अरब डॉलर रहा। इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का इस अवधि में निर्यात 61 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1.67 अरब डॉलर रहा।
इसी तरह जून 2022 में रेडीमेड कपड़ों का निर्यात 50 प्रतिशत बढ़कर 1.5 अरब डॉलर दर्ज किया गया और इंजीनियरिंग समानों का निर्यात तीन प्रतिशत बढ़कर 9.57 अरब डॉलर रहा।
जून 2022 में प्रमुख आयातित वस्तुओं में पेट्रोलियम, कच्चा तेल और उससे जुड़े उत्पादों का आंकड़ा लगभग दोगुना होकर 21.3 अरब डॉलर रहा जो जून 2021 में 10.67 अरब डॉलर था। सोने के आयात में 183 प्रतिशत उछाल के साथ 2.74 अरब डॉलर रहा।
कोल, कोक एवं ब्रिकेट का आयात जून 2022 में वार्षिक आधार पर 260 प्रतिशत उछलकर 6.76 अरब डॉलर रहा।
00

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More