Home » स्मृति ईरानी संभालेंगी अल्पसंख्यक मंत्रालय, ज्योतिरादित्य सिंधिया को इस्पात मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार

स्मृति ईरानी संभालेंगी अल्पसंख्यक मंत्रालय, ज्योतिरादित्य सिंधिया को इस्पात मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार

by Bhupendra Sahu

भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी और जदयू नेता आरसीपी सिंह ने आज केंद्रीय मंत्रिमंडल से अपना इस्तीफा दे दिया है। इन दोनों का राज्यसभा का कार्यकाल 7 जुलाई को समाप्त हो रहा था। राज्यसभा में अगले कार्यकाल के लिए इन्हें चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिल पाया। यही कारण रहा कि इन्हें मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा है। मुख्तार अब्बास नकवी के इस्तीफे के बाद अल्पसंख्यक मंत्रालय की कमान स्मृति ईरानी को सौंपा गया है। स्मृति ईरानी फिलहाल महिला एवं बाल विकास मंत्रालय संभाल रही हैं। अब वह अल्पसंख्यक मंत्रालय का भी अतिरिक्त प्रभार संभालेंगी। इसके अलावा आरसीपी सिंह के इस्तीफा देने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया को इस्पात मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। ज्योतिरादित्य सिंधिया फिलहाल उड्डयन मंत्री हैं।

जानकारी में बताया गया है कि प्रधान मंत्री की सलाह पर भारत के राष्ट्रपति ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद से मुख्तार अब्बास नकवी और राम चंद्र प्रसाद सिंह के इस्तीफे को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। स्मृति ईरानी को उनके मौजूदा पोर्टफोलियो के अलावा अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया को उनके मौजूदा पोर्टफोलियो के अलावा, इस्पात मंत्रालय का प्रभार सौंपा जाएगा। इससे पहले केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और राम चंद्र प्रसाद सिंह ने राज्यसभा का कार्यकाल समाप्त होने के एक दिन पहले बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान देश व लोगों की सेवा के लिए दोनों नेताओं की सराहना की थी।

प्रधानमंत्री की सराहना को इस संकेत के रूप में देखा गया कि आज हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक दोनों नेताओं के लिए आखिरी थी। दोनों नेताओं का राज्यसभा सदस्य के रूप में कार्यकाल सात जुलाई यानी बृहस्पतिवार को समाप्त हो रहा है। नकवी को भाजपा ने पिछले दिनों हुए राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव में कहीं से उम्मीदवार नहीं बनाया था। आरसीपी सिंह जनता दल यूनाईटेड के कोटे से केंद्र सरकार में मंत्री थे। उन्हें भी जदयू ने अगला कार्यकाल नहीं दिया है। सिंह के पास इस्पात मंत्रालय का प्रभार था। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कभी बेहद करीबी रहे सिंह का आज जन्मदिन भी था। प्रधानमंत्री मोदी ने सुबह ट्वीट कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दी। एक साल पहले ही वह जदयू कोटे से केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य बने थे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More