रायपुर राज्य के कृषि एवं पशु चिकित्सा अधिकारियों को राज्य कृषि प्रबंधन एवं विस्तार प्रशिक्षण संस्थान समेती रायपुर तथा प्रसार शिक्षण संस्थान (ई.ई.ई) आनंद, गुजरात के संयुक्त तत्वाधान से 13 जून से व्यक्तित्व विकास, संचाल कौशल तथा एसआरईपी बनाने की तकनीक का प्रशिक्षण समेती रायपुर में दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में कृषि विभाग से सहायक संचालक कृषि, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, कृषि विकास अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, डिप्टी प्रोजेक्ट डायरेक्टर (आत्मा), ब्लाक टेक्नोलाजी मैनेजर एवं असिस्टेंट टेक्नोलाजी मैनेजर तथा पशुपालन विभाग से सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों भाग ले रहे हैं।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 13 जून से 15 जून के मध्य व्यक्तित्व विकास विषय पर, 16 से 18 जून के मध्य प्रभावी विस्तार सेवाओं के लिए संचार कौशल विषय पर तथा 20 एवं 21 जून के मध्य एस.आर.ई.पी. बनाने की तकनीक विषय पर तीन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन समेती, रायपुर में किया जा रहा है।
संचालक समेती श्री सी.एन. सिंह ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों के दौरान प्रशिक्षण की महत्ता समझाते हुए सभी विभाग के मैदानी अमलों के लिए इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला तथा अपेक्षा की गयी कि प्रशिक्षण एवं प्रशिक्षण टूल्स के माध्यम से जो ज्ञान, कौशल एवं व्यक्तित्व विकास प्राप्त होगा उसे प्रभावी तरीके से किसानों तक पहुंचाने का दायित्व प्रशिक्षणार्थियों का है।