भारत में इन दिनों सिनेमाघरों में दक्षिण भारतीय फिल्मों का राज चल रहा है। पिछल्े महीनों में प्रदर्शित हुई दक्षिण भारत की दो बड़ी फिल्मों—आरआरआर और केजीएफ-2 ने एक तरफ जहाँ कमाई के मामले में हिन्दी फिल्मों को पटखनी दी है वहीं सिनेमाघरों में रनिंग के मामले में भी उन्होंने हिन्दी फिल्मों को पीछे कर दिया है। इन दोनों फिल्मों ने सिनेमाघरों में अपने 50 दिन पूरे कर लिए हैं। निर्देशक एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर सिनेमाघरों में पिछली 25 मार्च को प्रदर्शित हुई थी। यह फिल्म अभी भी देश के कई सिनेमाघरों में चल रही है। आज इस फिल्म ने 72 दिन पूरे कर लिए हैं।
साउथ इंडस्ट्री के सुपरस्टार यश की फिल्म केजीएफ 2 ने रिलीज होते ही लोगों पर गजब का जादू चलाया। जिसका नतीजा बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों पर साफ नजर आया है। इसके साथ ही फिल्म ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। फिलहाल केजीएफ 2 ने बॉक्स ऑफिस पर 50 दिन पूरे कर लिए हैं। बताते चलें कि यश की फिल्म 14 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म ने अब तक वल्र्ड वाइड 1241.10 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है। यश अपनी फिल्म के सिनेमाघरों में 50 दिन पूरे होने को सेलिब्रेट कर रहे हैं।
फिल्म केजीएफ 2 की कमाई की बात करें तो कर्नाटक में 189.50 करोड़ रुपये, आंध्र प्रदेश-तेलांगाना में 139.50 करोड़ रुपये, तमिलनाडु में 115.50 करोड़ रुपये, केरल में 69.16 करोड़ रुपये कमाए हैं। वहीं, हिंदी डबिंग और बाकी इंडिया में 526.60 करोड़ रुपये के साथ ओवरसीज में 201.99 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इस तरह से यश की फिल्म केजीएफ 2 ने 50 दिन में कुल 1241.10 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है।
केजीएफ 2 दुनिया में तीसरी भारतीय फिल्म
गौरतलब है कि यश की फिल्म केजीएफ 2 दुनिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली 3री भारतीय फिल्म बन गई है। केजीएफ 2 के ऊपर आमिर खान की फिल्म दंगल (2024 करोड़ रुपये) और प्रभास की फिल्म बाहुबली 2 (1810 करोड़ रुपये) हैं।
प्रशांत नील के निर्देशन में बनी फिल्म केजीएफ 2 यश (रॉकी) ने लीड रोल किया है और संजय दत्त ने विलेन (अधीरा) का रोल किया है। वहीं, श्रीनिधि शेट्टी (रीना) यश की पत्नी के रोल में हैं। रवीना टंडन (रमिका सेन) प्रधानमंत्री की भूमिका में हैं। लोगों को फिल्म में रॉकी और अधीरा की फाइट खूब पसंद आई है। इसके साथ ही लोग रॉकी के डायलॉग की काफी तारीफ कर रहे हैं।
००