Home » Uttarakhand Bus Accident: यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर हादसा, अब तक 26 यात्रियों की मौत, बचाव कार्य जारी

Uttarakhand Bus Accident: यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर हादसा, अब तक 26 यात्रियों की मौत, बचाव कार्य जारी

by Bhupendra Sahu

उत्तराखंड । यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर डामटा के पास दर्दनाक हादसा हुआ है। अनियंत्रित होकर एक बस खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि बस में 28 यात्री सवार थे। अभी तक 26 शव बरामद किए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची है। बचाव कार्य जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे हैं। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। बस(यूके-04 1541) हरिद्वार से चली थी। ड्राइवर और कंडक्टर की सीट को छोड़कर बस में 28 यात्री बैठ सकते थे। सभी यात्री मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष पुरोला अशोक कुमार ने बताया की 26 शव निकाले जा चुके हैं। जिनकी शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है।

बस सवार उदय सिंह और उसकी पत्नी हकी राजा को रेस्क्यू किया गया है। हकी राजा को डामटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया है। जिसे गंभीर चोटें आई हैं। उदय सिंह को हल्की चोटें हैं। हालांकि, जिला आपदा प्रबंधन केंद्र का दावा है कि बस में 27 से 28 लोग सवार थे।
जमीन पर पड़ीं लाशें देख सिहर उठे लोग
डामटा में बस के खाई में गिरते ही अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। जिसने भी इस दर्दनाक हादसे के बारे में सुना, दौड़ा चला आया। हादसे का शिकार हुई बस के परखच्चे उड़ गए। वहीं, जमीन शवों से पट गई। मंजर देख लोगों की रूह कांप गई।
मुआवजे का एलान
इस हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी ने दुख जताया है। कहा कि उत्तराखंड में हुआ बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मैं अपनी शोक-संवेदना व्यक्त करता हूं। राज्य सरकार की देख-रेख में स्थानीय प्रशासन मौके पर हरसंभव सहायता में जुटा है। प्रधानमंत्री ने मुआवजा देने का एलान किया है। दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए पीएमएनआरएफ की ओर से दो-दो लाख और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
26 यात्रियों के शव बरामद
थानाध्यक्ष पुरोला अशोक कुमार ने बताया कि वह स्वयं घटना स्थल पर हैं। बस डेढ़ सौ से दो सौ मीटर गहरी खाई में गिरी, जिसके परखच्चे उड़ गए। 26 यात्रियों के शवों को बरामद कर लिया गया है। बस में कुल 28 यात्री थे। गहरी खाई और अंधेरे की वजह से शवों को सड़क तक पहुंचाने में दिक्कत हो रही है। अभी सिर्फ दो शव ही सड़क तक पहुंचाए गए हैं।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More