Home » देश में बीते दिन मिले 4,041 मरीज, तीन महीने बाद 4,000 से अधिक मामले

देश में बीते दिन मिले 4,041 मरीज, तीन महीने बाद 4,000 से अधिक मामले

by Bhupendra Sahu

नईदिल्ली। भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 4,041 नए मामले सामने आए और 10 मरीजों की मौत हुई। देश में तीन महीने बाद नए मामलों की संख्या 4,000 पार हुई है। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,31,68,585 हो गई है। इनमें से 5,24,651 लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 21,117 रह गई है। पिछले कुछ दिनों से देश में कोरोना के नए मामलों में मामूली तेजी देखी जा रही है।

कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 2,363 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 4,26,22,757 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 98.74 प्रतिशत है। कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 4,25,379 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 85.18 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।

देश में महामारी से सर्वाधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में मास्क फिर से अनिवार्य किया जा सकता है। बुधवार को महाराष्ट्र में कोरोना के 1,081 नए मामले दर्ज किए गए थे। यह 24 फरवरी के बाद एक दिन में दर्ज हुए सबसे ज्यादा मामले हैं। इससे पहले मंगलवार को यहां 711 नए मामले दर्ज हुए थे। राज्य के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि अगर बढ़ोतरी जारी रहती है तो मास्क अनिवार्य किया जा सकता है।

वैक्सीन अभियान की बात करें तो भारत में कोरोना वायरस वैक्सीन की लगभग 1,93,83,72,365 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन 12,05,840 खुराकें लगाई गईं। अभी देश में 12 साल से अधिक उम्र के बच्चों और वयस्कों को वैक्सीन लगाई जा रही है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More