रायपुर । राजधानी रायपुर के साईंस कॉलेज मैदान स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित विकास प्रदर्शनी में जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को फोटो प्रदर्शनी में बड़े ही आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इस विकास प्रदर्शनी को प्रदेश के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में लोग देखने प्रतिदिन आ रहे हैं। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं से आम लोगों के जीवन में आ रही ख़ुशहाली और समृद्धि को फोटो और एलईडी स्क्रीन के माध्यम से जीवंत प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा राम वनगमन पर्यटन परिपथ भी लोगों का मन मोह रहा है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने 20 मई को विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया था। 20 मई से 22 जून तक चलने वाले विकास प्रदर्शनी का आयोजन जनसम्पर्क विभाग द्वारा किया गया है। इस फोटो प्रदर्शनी को दुर्ग जिले के पंचायत समोदा, ननकट्ठी, गाड़ाघाट, बोरई, करंजा, हिर्री, जनपद पंचायत दुर्ग, मचांदूर, धमधा, पथरिया और ग्राम पंचायत उमरकोटी के लगभग 170 निर्वाचित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिकों सहित सभी आयु-वर्ग के लोगों ने देखा और सराहना भी की। इसी तरह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाली अश्विनीनगर निवासी सुश्री आंचल केशरवानी, सुश्री अंजलि केशरवानी, डीडी नगर की सुश्री प्रीति पूर्ति, कोटा निवासी सुश्री हेमलता सोनकर और अमलेश्वर निवासी श्री गिरीश यादव ने अवलोकन कर सराहना की। गौरतलब है कि विकास प्रदर्शनी देखने आने वालों के लिए यह सेल्फी जोन बन गया है। इस विकास प्रदर्शनी में आए सभी लोगों को विगत साढ़े तीन साल के कार्यों एवं योजनाओं पर आधारित प्रकाशन सामग्री का वितरण भी किया गया।