Home » महात्मा गांधी की बायोपिक सीरीज में मुख्य भूमिका निभाएंगे प्रतीक गांधी

महात्मा गांधी की बायोपिक सीरीज में मुख्य भूमिका निभाएंगे प्रतीक गांधी

by Bhupendra Sahu

प्रतीक गांधी मौजूदा दौर के उभरते हुए अभिनेता हैं। उनके खाते में एक से बढ़कर एक कई बड़ी फिल्में हैं। अब एक और अहम प्रोजेक्ट के साथ उनका नाम जुड़ गया है। वह भारत के स्वाधीनता संग्राम के अग्रणी नेता रहे महात्मा गांधी के जीवन पर बनने वाली सीरीज में दिखाई देंगे। इस सीरीज में वह गांधी के किरदार को निभाएंगे। अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने गांधी पर सीरीज बनाने की घोषणा की है। प्रतीक ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इस प्रोजेक्ट का ऐलान किया है। साथ ही उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, अप्लॉज एंटरटेनमेंट गांधी के जीवन और समय के झरोखे से देखी गई भारतीय स्वतंत्रता की एक व्यापक कहानी को जीवंत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह सीरीज रामचंद्र गुहा की प्रतिष्ठित पुस्तकों पर आधारित होगी। इसमें आधुनिक भारत के इतिहास को परिभाषित करने वाले एक महान व्यक्ति की यात्रा को दर्शाया जाएगा।

कई सीजन में इस सीरीज को दर्शकों के बीच लाने की योजना बनाई गई है। गुहा की प्रतिष्ठित पुस्तकों गांधी बिफोर इंडिया और गांधी- द इयर्स दैट चेंज्ड द वर्ल्ड से इसकी कहानी का रूपांतरण किया जाएगा। अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने हाल में गुहा से इसके राइट्स खरीदे हैं। इसके जरिए गांधी की अनकही कहानियों को दर्शकों के बीच लाया जाएगा। भारत सहित दुनियाभर के कई हिस्सों में इस प्रोजेक्ट की शूटिंग की जाएगी।
गांधी की बायोपिक सीरीज को लेकर प्रतीक काफी उत्साहित हैं। अभिनेता प्रतीक ने अपने बयान में कहा, मैं गांधीवादी दर्शन और उसके मूल्यों में गहराई से विश्वास करता हूं। व्यक्तिगत रूप से मैं खुद उनके जीवन मूल्यों और शिक्षा को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में उतारने की कोशिश करता हूं। मैं समीर नायर और उनकी टीम के साथ इस यात्रा को शुरू करने के लिए और इंतजार नहीं कर सकता।
महात्मा गांधी के जीवन से प्रेरित कई फिल्में बन चुकी हैं। इनमें गांधी, हे राम, सरदार, द मेकिंग ऑफ महात्मा गांधी और गांधी, माई फादर का नाम शामिल है। संजय दत्त की लगे रहो मुन्नाभाई भी गांधीगिरी से प्रेरित फिल्म है।
प्रतीक के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह समाज सुधारक, लेखक और क्रांतिकारी ज्योतिराव फुले की बायोपिक में भी नजर आएंगे। प्रतीक इस फिल्म में महात्मा फुले का किरदार निभाएंगे। प्रतीक फिल्म वो लड़की है कहां को लेकर भी सुर्खियों में हैं। इसमें उनके साथ तापसी पन्नू नजर आएंगी। वह डेढ़ बीघा जमीन में भी नजर आने वाले हैं। वेब सीरीज स्कैम 1992 ने अभिनेता प्रतीक को रातों-रात स्टार बना दिया था।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More