भिलाई। रविवार शाम को अचानक बरसे बादलों ने दिन भर के गर्मी व उमस से लोगों को राहत दी। एक और जहां रविवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा वहीं शाम होते-होते बारिश ने कुछ राहत दी। रविवार को दुर्ग जिले का तापमान 45 डिग्री दर्ज किया गया जो कि इस माह में अब तक का सर्वाधिक तापमान है। इससे पहले अप्रैल के आखिरी सप्ताह में दुर्ग जिले का तापमान 45 डिग्री के ऊपर गया था।
बता दे की मौसम विभाग ने एक दिन पहले बताया था की तापमान बढ़ने के साथ ही प्रदेश के कुछ जिलों में गरज चमक के साथ बारिश होगी। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार ही रविवार को दुर्ग सहित राजधानी रायपुर व राजनांदगांव के आसपास के क्षेत्रों में गरज चमक के साथ बारिश हुई। लगभग एक घंटे की बारिश ने लोगों को गर्मी से काफी राहत दी।
मौसम विभाग की माने तो अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश का अनुमान है वही गरज चमक के साथ हल्की आंधी चलने की भी भविष्यवाणी की गई है। इस दौरान छत्तीसगढ़ के दक्षिणी क्षेत्र में भी गरज चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। आने वाले 24 घंटों में प्रदेश के तापमान भी बढ़ोत्तरी का अनुमान है।
प्रमुख शहरों का तापमान
रविवार को प्रदेश में लगभग सभी जिलों में गर्मी का कहर रहा। दुर्ग जिले के अलावा राजधानी रायपुर में 43 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में 43.2, पेंड्रा रोड में 39.4, अंबिकापुर में 41.4, जगदलपुर में 38.4 तथा राजनांदगांव में 42.7 डिग्री टेंपरेचर रिकॉर्ड किया गया।