अयोध्या । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री जनपद में लगभग 22 घंटे तक रहेंगे। इस बीच उनके जनपद में कई कार्यक्रमों में शामिल होने की जानकारी मिली है। मुख्यमंत्री प्रात:11.05 बजे अयोध्या स्थित रामकथा पार्क में बनाए गए हैलीपैड पर उतरेंगे। 11.10 बजे हनुमानगढ़ी का दर्शन पूजन करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11.25 पर राम लला के दरबार में हाजिरी लगाएंगे। 11.55 पर आयुक्त सभागार में मण्डली समीक्षा बैठक करेंगे। इस मौके पर मण्डल में चल रही 19 हजार करोड़ की परियोजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
मुख्यमंत्री ढाई बजे मलिन बस्ती मे भोज में शामिल होंगे। तीन बजे से चार बजे तक अयोध्या में चल रही परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। चार बजे से पांच बजे त गुप्तारघाट पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पांच बजे से छह बजे तक सर्किट हाउस में संतों के साथ मुलाकात करेंगे। सर्किट हाउस में उनका रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। सात मई को प्रात:9.30 बजे मुख्यमंत्री पुलिस लाइन हैलीपैड से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत तैयारियों के सम्बंध में जिलाधिकारी नितीश कुमार ने गुप्तारघाट पर महाराणा प्रताप की मूर्ति के अनावरण हेतु की जा रही तैयारियों गुप्तारघाट से जमथरा घाट को जोडऩे वाले निर्माणाधीन बंधे के कार्यो, टेढ़ीबाजार, रेलवे क्रासिंग पर निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज के कार्यो की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने गुप्तारघाट पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर समस्त तैयारियों को समय से पूर्ण करने, एक्सेन सरयू नहर खण्ड को कार्यक्रम स्थल के पास की भूमि को अच्छे से समतल कराने, गुप्तारघाट की समस्त स्ट्रीट लाईटों को पुन: चेक करके ठीक रखने के निर्देश दिये। उन्होंने समस्त निर्माण कार्यो को गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश सम्बंधित कार्यदायी संस्था व विभाग के अधिकारियों को दिये।