नयी दिल्ली । एक्सिस बैंक ने बताया कि वर्ष 2021-22 की चौथी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ इससे पिछले वर्ष की इसी तिमाही के 2,677 करोड़ रुपये की तुलना में 54 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 4,118 करोड़ रुपये रहा। निजी क्षेत्र के इस बैंक की तिमाही वित्तीय रिपोर्ट के अनुसार 31 मार्च 2022 को समाप्त चौथी तिमाही में उसकी शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) एक वर्ष पहले की तुलना में 17 प्रतिशत बढ़कर 8,819 करोड़ रुपये हो गई। आलोच्य तिमाही में उसका शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) 3.49 प्रतिशत रहा।
मार्च 22 की तिमाही के लिए बैंक ने कर्ज में हानि के लिए के लिए 602 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जबकि दिसंबर 2021 की तिमाही में उसने फंसे कर्ज (एनपीए) के लिए 790 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था। बैंक ने पिछले पूरे वित्तीय वर्ष के लिए 12,428 करोड़ रुपये का संचयी प्रावधान किया है।
बैंक ने बताया कि आलोच्य तिमाही के लिए सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (जीएनपीए) दिसंबर2021 की तिमाही के 3.17 प्रतिशत की तुलना में घट कर 2.82 प्रतिशत रहीं। एक साल पहले चौथी तिमाही के अंत में सकल एनपीए का स्तर कुल कर्ज का 3.7 प्रतिशत था।
एक्सिस बैंक के एमडी और सीईओ अमिताभ चौधरी ने कहा, हमने अपने व्यवसाय के सभी आयामों में लगातार मजबूत प्रगति की है। हमने अपने मुख्य कारोबार को मजबूत करने के लिए काफी काम किया है। छोटी-छोटी बातों पर ध्यान दिया जा रहा है ताकि वृद्धि तेज हो सके।
उन्होंने कहा कि सिटीबैंक के कारोबार के अधिग्रण के सौदे से प्रीमियम फ्रैंचाइजी कारोबार में हमें मजबूत आधार मिलेगा। यह हमारा उद्येश्य रहा है।
00