राजनांदगांव। एक्सीडेंट के बाद कार में लगी आग से खैरागढ़ का पूरा परिवार जिंदा जल गया। हादसा राजनांदगांव -खैरागढ़ रोड पर गुरुवार आधी रात के बाद हुआ। खैरागढ़ निवासी यह परिवार रिश्तेदार की शादी के बाद बालोद से लौट रहा था। खैरागढ़ पहुंचने से पहले इनकी कार ठेलकाडीह थाना अंतर्गत सिंगारपुर के गणेश मंदिर के पास पुलिया से टकरा गई।
हादसे इतना जोरदार था कि इसके बाद कार में आग लग गई। वहीं कार में पूरा परिवार फंस गया। किसी को भी बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। सभी कार के अंदर जलने से मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद मौके पर ठेलकाडीह पुलिस, एसडीओपी खैरागढ़ आदि पहुंचे। रात ज्यादा होने के कारण सुबह शवों को कार से निकाला गया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार हादसे में मृत सभी एक ही परिवार के हैं। पति-पत्नी व उनकी तीन बेटियां कार में सवार थी। खैरागढ़ एसडीओपी दिनेश सिन्हा ने बताया कि मृतकों में हादसे में सुभाष कोचर ( 60), कांति देवी कोचर (58), भावना (रानी) कोचर (35), वृद्धि कोचर (25) व पूजा कोचर (22) शामिल हैं। इनका निवास खैरागढ़ के गोलबाजार में है। गुरुवार को पूरा परिवार बालोद में अपने रिश्तेदार की शादी में गया था।
बताया जा रहा है कि खैरागढ़ निवासी सुभास कोचर उनकी पत्नी, तीन बेटियों के साथ बालोद से रात बारह बजे निकले थे। बालोद से राजनांदगांव होते हुए वे खैरागढ़ अपने घर जा रहे थे। रात लगभग 1:50 बजे वे सिंगारपुर के गणेश मंदिर के पास से गुजर रहे इस दौरान कार पुलिया से टकराकर नाले में जा गिरी। बताया जा रहा है कार की रफ्तार ज्यादा थी और हादसे बाद परिवार लोग बाहर निकल पाते इससे पहले की आग लग गई और पूरा परिवार जिंदा चल गया।