रायगढ़। 28 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी रायगढ़ के कर्नल विनय मल्होत्रा एवं लेफ्टिनेंट कर्नल संतोष रावत के कुशल निर्देशन एवं जिले के अग्रणी महाविद्यालय किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रायगढ़ के प्राचार्य डॉ. अंजनी तिवारी के मार्गदर्शन में लेफ्टिनेंट डॉक्टर शारदा घोघरे द्वारा एनसीसी के कैडेट्स के सहयोग से शहर के विभिन्न चौक-चौराहों एवं वार्डों में स्वच्छता का संदेश प्रसारित किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत 2 अप्रैल से शुरू की गई थी और यह कार्यक्रम लगातार 16 अप्रैल तक चलता रहा।
महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने नुक्कड़ नाटक कर लोगों में जागरूकता लाने का प्रयास किया। साथ ही विभिन्न स्थानों पर जाकर साफ सफाई की एवं रायगढ़ के लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। लोगों के साथ मिलकर उन्होंने स्वच्छता शपथ ली ताकि वे भी अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ और साफ सुथरा रखने के लिए प्रेरित हो सकें। गली, चौक चौराहे एवं विभिन्न वार्डों में नुक्कड़ नाटक की भी प्रस्तुति दी गई।
इस नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया गया कि हम सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में डालें। यदि हम सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग कचरे के डिब्बे में डालते हैं तो इससे उसका निपटारा आसान हो जाता है और इसका कई महत्वपूर्ण कार्यों में उपयोग किया जा सकता है। जैसे घर से निकलने वाली सब्जियों के छिलकों का उपयोग जैविक खाद बनाने के लिए किया जा सकता है। इसके अलावा पेस्टिसाइड्स बनाने के लिए भी गीले कचरे का उपयोग किया जा सकता है। जिससे कि भूमि की उर्वरा क्षमता बनी रहे। उन्होंने रीयूज रिड्यूस रिसाइकल के महत्व को भी नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया।
स्वच्छता कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स सपना तिवारी, जया निर्मलकर, अनीशा पांडे ,आकाश गुप्ता ,विकास गुप्ता ,मुकुंद झा, केदार प्रधान, बबीता विश्वकर्मा, सृष्टि मिश्रा, मनीष, प्रेरणा , हरीश आदि कैडेट्स की विशेष भूमिका रही।
0