Home » उत्तर प्रदेश में दौड़ रही है अपराध की बुलेट ट्रेन : अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश में दौड़ रही है अपराध की बुलेट ट्रेन : अखिलेश यादव

by Bhupendra Sahu

लखनऊ । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के दूसरे कार्यकाल में अपराधी पहले से ज्यादा निडर है, उन्हें पुलिस का तनिक भी खौफ नहीं रह गया है। बैंक लूट, लॉकर चोरी, बलात्कार, गोलीकांड और हत्या की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। प्रदेशवासी आतंकित है। चारों तरफ भय का वातावरण है। उत्तर प्रदेश में अपराध की बुलेट ट्रेन दौड़ रही है।

रायबरेली में प्रधान के भाई की हत्या हुई जब रात में खेत की रखवाली करने गया था। सीतापुर के बिसवां के एक गांव में घंटो तक अपराधियों ने तांडव मचाया। हैदरगंज थाना क्षेत्र में लुटेरों ने सिपाही से रायफल और बाइक लूट ली। बदायूं में थाने के सामने व्यापारी की हत्या हुई। बलिया में प्रापर्टी डीलर की गला काटकर हत्या कर दी गई। गोरखपुर में बासगांव थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव में छ: वर्षीय मासूम का शव बरामद हुआ।

मिशन शक्ति अभियान के तहत एंटी रोमियो दल की कवायद कागजी साबित हुई है। मेरठ में कई छात्राएं छेड़छाड़ की शिकार बनी। नोएडा में छेडख़ानी की शिकायत पर पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही न होने से परेशान पीडि़ता ने आत्मदाह कर जान दे दी। राजधानी लखनऊ में घर में घुसकर शिक्षका से छेड़छाड़ की गई और उस पर तेजाब फेंकने की धमकी दी गई। पुलिस के अन्याय के चलते लाचारी में बेटियों द्वारा मौत को गले लगाने की घटनाएं भाजपा राज पर कलंक है।

भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था बदहाल है। मुख्यमंत्री जी दावे तो बड़े-बड़े करते हैं परन्तु सच्चाई यह है कि प्रशासन तंत्र पर उनका नियंत्रण ही नहीं रह गया है। एक तरह से उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था का शून्यकाल चल रहा है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More