Home » छत्तीसगढ़ में जल्द ही शुरू होगा ग्रामीण उद्योग केंद्रों की स्थापना का कार्य, कार्यशाला संपन्न

छत्तीसगढ़ में जल्द ही शुरू होगा ग्रामीण उद्योग केंद्रों की स्थापना का कार्य, कार्यशाला संपन्न

by Bhupendra Sahu

रायपुर । गांवों में रोजगार सृजन के अवसर बढ़ाने और किसानों, युवाओं, महिलाओं को उन्हीं के गांवों में नवाचार और उद्यम से जोड़ने की फ्लैगशिप योजना रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के अंतर्गत ग्रामीण उद्योग केंद्रों की स्थापना के लिए रूपरेखा तैयार करने कार्यशाला का आयोजन राज्य योजना आयोग द्वारा योजना भवन नवा रायपुर में किया गया। शुक्रवार को आयोजित इस कार्यशाला में ग्रामीण उद्योग केंद्रों के कार्यक्षेत्र क्रियान्वयन के सबंध में विस्तृत चर्चा की गई। इस मौके पर विभिन्न विभाग के उपस्थित अधिकारियों ने रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के क्रियान्वयन एवं संचालन पर अपने सुझाव दिए, इसके आधार पर योजना के आगामी क्रियान्वयन के लिए रणनीति को अंतिम रूप देने पर भी गहन विमर्श हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष श्री अजय सिंह ने कहा कि सरकार के घोषणा पत्र में के केन्द्र में किसान न्याय योजना और नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी योजना का महत्वपूर्ण उल्लेख है। जिसका ज़मीनी स्तर पर क्रियान्वयन सुनियोजित ढंग से हो रहा है। इसकी चर्चाएं राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही है। हमारी योजना को अन्य राज्यों ने अपने यहां लागू करने, विचार करने के उद्देश्य से टीमें छत्तीसगढ़ आ रही हैं। गांधी जी ने जिस ग्राम स्वराज की संकल्पना की थी, छत्तीसगढ़ सरकार उसे साकार कर रही है। श्री सिंह ने कहा कि रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में हम गौठानों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का केंद्र बिंदु बनाना चाहते हैं, जिसमें स्थानीय स्तर पर संग्रहण, उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन की व्यवस्था की जा सके। युवा किसानों को उद्यम नवाचार से जोड़ने, गांव के पढ़े-लिखे युवा जो गांव में ही रहकर कुछ स्टार्टअप करना चाहते हैं, उन्हें दिशा देना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना हमारा प्राथमिक उद्देश्य है।

मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री प्रदीप शर्मा ने बताया कि हम गौठानों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था के रीढ़ के रूप में स्थापित करना चाहते हैं, प्रथम चरण में गौठानों में गाय के संधारण, गाय से संबंधित इंडस्ट्रीज के लिए कार्य हुआ। अब हम दूसरे चरण में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क का विकास करेंगे। 85 हजार महिलाओं ने मिलकर 56 लाख क्विंटल गोबर खाद का उत्पादन किया है, पूरे देश में सबसे ज्यादा 20 लाख क्विंटल ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर गौठानो में उत्पादित हुआ है। जिससे महिला समूहों को अब तक 36 करोड़ रुपए की आमदनी हुई है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना ने प्रदेश के किसानों को समृद्ध किया है, अब रूरल इंडस्ट्रियल पार्क किसानों के यंग जनरेशन को उद्यम प्रेरणा देने के लिए फ्लैगशिप है। उन्होंने बताया कि रूरल इंडस्ट्रियल पार्क (रीपा) हेतु जमीन, बिजली, पानी, शेड, बैंकिंग लिंकेज, प्रशिक्षण एवं कौशल उन्नयन, स्टोरेज, व्यावसायिक सुविधा विकसित की जाएगी। इस योजना में राज्य स्तर पर नवा सेवाग्राम सोसाइटी, जिला स्तर पर गांधीग्राम, ब्लॉक स्तर पर ग्रामीण आर्थिक क्षेत्र, पंचायत स्तर पर रूरल इंडस्ट्रियल पार्क का चैनल बनाकर कार्य करेंगे।
प्रश्नोत्तर सत्र में राज्य के विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि अधिकारियों ने अलग-अलग विषयों पर अपनी बात रखी, जिसमें ट्राइबल क्षेत्रों में विशेष रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के महत्व, प्रशिक्षण एवं कौशल उन्नयन, रोजगार की सुनिश्चितता, मार्केट डिमांड के अनुरूप उत्पादन, गुणवत्ता मानकों, विकास एवं इनफ्रास्ट्रक्चर, खरीदी एवं भण्डारयण नियमों में शिथिलीकरण, परिवहन एवं क्षेत्रीय महत्व के आधार पर अनेक बिंदुओं पर प्रश्न एवं सुझाव रखे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More