Home » नवजोत सिंह सिद्धू बोले- चंडीगढ़ तो बहाना, पंजाब के पानी पे निशाना, इसी पर अगली बड़ी लड़ाई

नवजोत सिंह सिद्धू बोले- चंडीगढ़ तो बहाना, पंजाब के पानी पे निशाना, इसी पर अगली बड़ी लड़ाई

by Bhupendra Sahu

अमृतसर (पंजाब) । पंजाब और हरियाणा के बीच चंडीगढ़ को लेकर घमासान मचा हुआ है। अब इस सियासी जंग में नवजोत सिंह सिद्धू भी कूद पड़े हैं। सोमवार को पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट किया कि पंजाब के 27 गांवों को उजाड़कर चंडीगढ़ बसाया गया था। यह पंजाब का है और पंजाब का रहेगा। सिद्धू ने अपने ट्वीट में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को टैग किया है।

सिद्धू ने कहा कि चंडीगढ़ पर पंजाब का हक है और रहेगा। सरकारें चंडीगढ़ के बहाने कुछ और करने की तैयारी में हैं। निशाना नदियों का पानी है। सिद्धू ने लिखा कि कहीं पे निगाहें कहीं पे निशाना। चंडीगढ़ तो बहाना है, पंजाब की नदियों के पानी पे निशाना है। सभी ध्यान रखें, अगली बड़ी लड़ाई पंजाब के पानी को लेकर है। बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चंडीगढ़ में केंद्रीय सेवा नियम लागू करने का एलान किया था। केंद्र के इस फैसले का पंजाब में कड़ा विरोध हो रहा है।

पंजाब ने शुक्रवार को विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया और चंडीगढ़ में केंद्रीय सेवा नियम लागू करने के विरोध में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र से तत्काल चंडीगढ़ को पंजाब को सौंपने का आग्रह किया। हालांकि भाजपा ने इसका विरोध किया। वहीं इस प्रस्ताव के खिलाफ हरियाणा ने भी पांच अप्रैल को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है। हरियाणा का कहना है कि चंडीगढ़ उसकी राजधानी है और रहेगी।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More