नई दिल्ली । टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा टेलीसर्विसेज लि. (टीटीएमएल) के शेयरों में एक साल पहले पैसा लगाने वाले निवेशक मालामाल हो गए हैं। एक साल में इस टेलीकॉम कंपनी ने 1082 फीसद का रिटर्न दिया है। यानी एक साल पहले जिसने भी एक लाख रुपये इसमें लगाए होंगे, उसका एक लाख 10 लाख 82000 रुपये हो गया होगा। क्योंकि एक साल पहले इसकी कीमत 12.30 रुपये थी। जबकि 3 साल में इसने 5365.57 फीसद का रिटर्न दिया है। यानी एक लाख रुपये 3 साल में ही करीब 55 लाख बन गए। बता दें 11 जनवरी को टीटीएमएल का शेयर अपने ऑल टाइम हाई 290.15 रुपये पर बंद हुआ था।
आठ मार्च को यह स्टॉक 93.40 रुपये पर आ गया था और आज अपर सर्किट के साथ एनएसई पर 166.70 रुपये पर है। बता दें यह स्टॉक 290.15 रुपये से 93.40 रुपये तक लुढ़कने के बाद पिछले कई सत्रों से अपर सर्किट के साथ कारोबार कर रहा है। वैसे तो पिछले एक हफ्ते में इस स्टॉक ने केवल 4.45 फीसद रिटर्न दिया है, लेकिन एक महीने पहले इसमें जिसने भी पैसा लगाया होगा और आज तक इस स्टॉक में बना है, तो उसे 41.75 फीसद का रिटर्न मिल रहा है। हालांकि, 3 महीने पहले टीटीएमएल के शेयर खरीदने वाले अभी 19.21 फीसद के नुकसान में हैं।
32,588.65 करोड़ रुपये की मार्केट कैपिटल वाली टाटा ग्रुप की इस कंपनी के शेयरों में पैसा लगाने वाले निवेशक करीब एक महीने पहले तक मायूस थे। कंपनी का तिमाही परिणाम आने के बाद इस स्टॉक में लगातार लोअर सर्किट लगता रहा। बता दें टाटा टेलीसर्विसेज लि. (टीटीएमएल) ने समयोजित सकल राजस्व (एजीआर) बकाये से संबंधित ब्याज को इक्विटी में बदलने के निर्णय के बाद यह स्टॉक बुरी तरह गिरा।
इसके बाद कंपनी ने अपने इस निर्णय को रद्द कर दिया तो शेयर कुछ दिन उछला, लेकिन कंपनी को दिसंबर 2021 को समाप्त तीसरी तिमाही में 302 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा होने की खबर आने के बाद से ही इसमें हर रोज लोअर सर्किट लगने लगा। एक साल पहले की तिमाही में 298 करोड़ का नुकसान हुआ था।