Home » दुनिया की नंबर वन टेनिस स्टार एश्ले बार्टी ने 25 की उम्र में लिया संन्यास, फैंस हैरान

दुनिया की नंबर वन टेनिस स्टार एश्ले बार्टी ने 25 की उम्र में लिया संन्यास, फैंस हैरान

by Bhupendra Sahu

नईदिल्ली । दुनिया की नंबर वन महिला टेनिस खिलाड़ी एश्ले बार्टी ने संन्यास का ऐलान कर दिया। ऑस्ट्रेलिया की बार्टी ने पहले भी टेनिस ब्रेक लिया था लेकिन इस बार वह वापसी के लिए तैयार नहीं है। बार्टी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करके फैंस को अपने इस फैसले के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने साथ ही बताया कि वह गुरुवार 24 मार्च को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका आधिकारिक ऐलान भी करेंगी।

25 साल की एश्ले बार्टी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो मैसेज शेयर करते हुए लिखा, ‘आज का दिन मेरे लिए मुश्किल और भावनाओं से भरा है क्योंकि मैं पेशेवर टेनिस से संन्यास की घोषणा कर रही हूं। मुझे नहीं पता था कि इस खबर को आपके साथ कैसे साझा किया जाए, इसलिए अपनी अच्छी दोस्त कैसडेलाकुआ से मदद करने को कहा।

उन्होंने आगे लिखा, ‘खेल ने मुझे जो कुछ भी दिया है, उसके लिए मैं बहुत आभारी हूं। गर्व महसूस कर रही हूं। इस सफर में मेरा समर्थन करने वाले सभी लोगों के लिए धन्यवाद, मैं हमेशा उन अमिट यादों के लिए आभारी रहूंगी जो हमने एक साथ बनाई हैं। 3 बार की ग्रैंडस्लैम चैंपियन एश्ले बार्टी ऑस्ट्रेलिया की रहने वाली हैं। उन्होंने इसी साल ऑस्ट्रेलियन ओपन के महिला सिंगल्स का खिताब जीता था।

बार्टी को ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े खेल सुपरस्टार्स में शुमार किया जाता है। इस साल की शुरुआत में ही उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब अपने नाम किया था। वह 44 सालों में यह खिताब जीतने वाली पहली ऑस्ट्रेलियन खिलाड़ी थी। बार्टी मौजूदा समय में वर्ल्ड नंबर वन खिलाड़ी हैं. ऐसे में किसी को भी इस बात की उम्मीद नहीं थी कि वह संन्यास लेंगी। उनके फैसले से फैंस के साथ-साथ टेनिस की दुनिया के तमाम दिग्गज भी काफी हैरान हो गए।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More