भिलाई। हर साल मार्च के महीने में आने वाला जेठा रविवार और इस दिन खुर्सीपार के सिद्ध श्री बाबा बालकनाथ मंदिर में होता है विशाल भंडारा। साल भर भिलाई के लोगों को इस विशाल भंडारे का इंतजार रहता है। खुर्सीपार स्थित सिद्ध श्री बाबा बालकनाथ मंदिर में आज भी यह विशेष अवसर था जब यहां विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भिलाई दुर्ग ही नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ व आसपास के अन्य राज्यों से भी भक्त यहां पहुंचे। खुर्सीपार स्थित सिद्ध श्री बाबा बालक नाथ मंदिर में रविवार को 58 वां महायज्ञ व विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर के 58 वें वर्ष में प्रवेश के उपलक्ष्य में विशाल भंडारा हुआ। हर साल यहां भक्तों का मेला लगता है और इस साल भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला। बाबा बालकनाथ की प्रसादी लेने दूर दूर से भक्त पहुंचे। लगभग 60 हजार से ज्यादा लोगों ने मंदिर में एक पंगत पर बैठकर प्रसादी खाई।
30 क्विंटल आटे की रोटियां, 25 क्विंटल चावल की खिचड़ी
बाबा बालक नाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष रमेश सूरी ने बताया कि विशाल भंडारे में भक्तों के लिए इस बार 30 क्विंटल आटे की रोटियां व 25 क्विंटल खिचड़ी बनाई गई। 10 क्विंटल टमाटर की चटनी के साथ ही लगभग 20 क्विंटल सब्जी परोसी गई। इसके अलावा 10 क्विंटल दाल व 20 क्विंटल सूची का हलवा बनाया गया। मंदिर दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ भंडारा शाम 6 बजे तक चलता रहा।
विधायक देवेन्द्र यादव भक्तों को भोजन परोसते हुएसैकड़ों सेवादारों ने दी अपनी सेवा
मंदिर में विशाल भंडारे के लिए सैकड़ों सेवादारों ने सेवाएं दी। मंदिर में भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक बार में लगभग पांच हजार लोग पंगत में बैठकर प्रसादी ले रहे थे। इसके लिए मंदिर में अलग अलग पंडाल बनाए गए थे। सात मंजिला मंदिर के भवन में हर मंजिल पर लोगों को बैठाकर प्रसादी दी गई। भक्तों ने बैठकर यहां भोजन किया। यहीं नहीं इस विशाल भंडारे की तैयारी यहां पिछले एक सप्ताह से की जा रही थी।
विधायक देवेन्द्र ने परोसा भोजन
बाबा बालकनाथ मंदिर में हुए महाभंडारे में आज मुख्य अतिथि के रूप में भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मंदिर में सेवादार की तरह सेवाएं दीं। उन्होंने श्रद्धालाओं को भोजन परोसा और बाद में पंगम में बैठक कर प्रसादी भी ली। इस दौरान महापौर नीरज पाल भी मौजूद रहे। उन्होंने भी श्रद्धालुओं को भोजन परोसा। इसके अलावा भी क्षेत्र के पार्षदों ने भी मंदिर में अपनो सेवाएं दीं।
सुबह से मंदिर लगा रहा भक्तों का तांता
बाबा बालक नाथ मंदिर में विशाल भंडारे के मौके पर आज सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। सुबह 9 बजे से मंदिर में हवन शुरु हुआ। इस मौके पर दिल्ली के प्रसिद्ध विजय रतन शर्मा द्वारा भजन की प्रस्तुति दी गई। 14 मार्च सोमवार को दोपहर 12:30 से भजन कीर्तन एवं संध्या 6 बजे से मंदिर प्रांगण में भक्तों द्वारा 21 कुण्डीय महायज्ञ द्वारा पूर्णाहूति दी जाएगी।