जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। हादसा इतना भयानक था कि पति-पत्नी की मौत हो गई। बताया जा रहा हैं कि युवक अपनी पत्नी को लेकर ससुराल जा रहा था तभी बीच में उनकी वैन एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पति के शव को कार से बाहर निकलवा सकी। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
शिवरीनारायण के लोहर्सी गांव निवासी नरेश श्रीवास (26 वर्ष) अपनी पत्नी पूनम श्रीवास (24 वर्ष) के साथ वैन में ससुराल पेंड्री जा रहा था। अभी वे लोहर्सी से आगे धरदेई गांव के पहले पहुंचे ही थे तभी मोड़ पर तेज रफ्तार वैन संभल नहीं पाई और पेड़ से जा टकराई। इस दौरान टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन आगे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पति-पत्नी दोनों उसी में फंस गए। पुलिस मौके पर पहुंची तो नरेश दम तोड़ चुका था, जबकि पूनम बुरी तरह से घायल थी। पुलिस ने पूनम को पामगढ़ अस्पताल भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे वहां मृत घोषित कर दिया।
इस बीच घटना स्थल पर नरेश का शव निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शव बुरी तरह से वैन में फंसा हुआ था। ग्रामीणों की मदद से पुलिस करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाल सकी।