महाराजगंज । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निचलौल विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि एक बार फिर प्रदेश को दमदार सरकार की जरूरत है तभी इस दंगामुक्त प्रदेश को विकास की राह पर और आगे ले जाया जा सकेगा। उन्होंने अन्नदाताओं को सिंचाई, युवाओं को रोजगार और स्मार्टफोन, मेधावी बेटियों को स्कूटी तथा गरीब बेटियों के विवाह की अनुदान राशि बढ़ाने सहित अनेक लुभावने वादे करते हुए भाजपा को मतदान की अपील की। उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर वार करते हुए कहा कि तमाम नेताओं ने 10 मार्च के बाद प्रदेश छोड़कर कही औऱ जाने के प्रयास तेज कर दिये हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भाजपा पूर्ण बहुमत की ओर अग्रसर है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार बनने के बाद इस दंगामुक्त प्रदेश में विकास कार्य और तेजी से होंगे। नौजवानों को रोजगार, अन्नदाताओं को खुशहाल करने के हर सम्भव प्रयास होंगे। उन्होंने वादा करते हुए कहा कि शिक्षा में मेधावी बेटियों को स्कूटी दिया जाएगा। 60 वर्ष से ऊपर की महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। अगले 5 वर्षों में किसानों से सिंचाई के ट्यूबेल के बिजली की मुफ्त सुविधा दी जाएगी। बेटियों के विवाह के लिए सरकारी अनुदान 51 हजार से बढ़ाकर एक लाख कर दिया जाएगा। कन्या सुमंगल योजना के तहत 15 हजार की जगह 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। विधवाओं और वृद्धजनों के पेंशन की धनराशि 12000 सालाना के स्थान 18000 सालाना दिया जाएगा। युवाओं को रोजगार देने के साथ ही 2 करोड़ युवाओं को स्मार्टफोन दिए जाएंगे। होली और दीवाली में मुफ्त सिलिंडर दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पांच वर्ष पहले सिर्फ ईद और मोहर्रम को बिजली आती थी। बिजली आने का समय मालूम नही था। आज बिजली जाती नही है। डबल इंजन की सरकार में राशन, बिजली, रोड, वैक्सीन, किसानों को दाम, युवाओं को रोजगार सब कुछ मिला। अब महराजगंज में मेडिकल कॉलेज लेकर आ रहे हैं। पहले की सरकार का नारा था सबका साथ, सैफई के विकास। अब सबका साथ, सबका विकास का नारा है।
—————————————